फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Haridwar Sexual Assault And Murder Case: Absconded Accused Last Location Detected In Roorkee

हरिद्वार दुष्कर्म-हत्या केस: आठ टीमों ने ताबड़तोड़ की दबिश, फरार आरोपी की आखिरी लोकेशन रुड़की में मिली

Tue, 22 Dec 2020 10:33 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार Published by: अलका त्यागी Updated Tue, 22 Dec 2020 10:33 PM IST
विज्ञापन
Haridwar Sexual Assault And Murder Case: Absconded Accused Last Location Detected In Roorkee
हरिद्वार में बच्ची की हत्या - फोटो : अमर उजाला

हरिद्वार में मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का फरार आरोपी 72 घंटे बाद भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। आरोपी की आखिरी लोकेशन रुड़की में मिली है। इसके बाद से मोबाइल बंद है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत आठ टीमें बनाई गई हैं। टीमें हरिद्वार, देहरादून और प्रदेेश के बाहर संभावित ठिकानों पर दबिश मार रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन


नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को 11 साल की मासूम बच्ची गायब हो गई थी। उसी रात पुलिस ने बच्ची का शव एक मकान से बरामद कर लिया था। मकान कपड़ा व्यापारी राजीव कुमार का है। जहां भांजा रामतीरथ यादव दो साल से रह रहा था। बच्ची की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने रामतीरथ यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि राजीव कुमार फरार हो गया था।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: हरिद्वार दुष्कर्म-हत्या केस: धर्मनगरी के लोगों का फूटा गुस्सा, आक्रोश देख पुलिस के हाथ-पैर फूले, तस्वीरें...
विज्ञापन
विज्ञापन


बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रामतीरथ यादव और राजीव कुमार के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म, अपहरण का मुकदमा दर्ज है। फरार आरोपी राजीव का फोन शनिवार रात से ही बंद है। उसकी मोबाइल की आखिरी लोकेशन रुड़की बताई जा रही है। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने आरोपियों को दबोचने के लिए एसओजी के अलावा कोतवाली एवं जिला पुलिस की आठ टीमें लगाई हैं।

टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापा मार रही है। दोनों ही आरोपी यूपी के सुल्तानपुर अलीगंज के मूल निवासी हैं। एक टीम को वहां भी भेजा गया है। हरिद्वार, देहरादून के अलावा राजीव के छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजीव के संपर्क खंगालकर नजदीकी लोगों के नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। राजीव के नजदीकी लोगों के आसपास पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में तैनात किया गया है।

बख्शे नहीं जाएंगे आरोपी : डीपीजी 

मासूम के साथ हुई दरिंदगी से प्रदेशभर में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर लोगों ने मासूम को श्रद्धांजलि देने के साथ ‘मुझे इंसाफ तो मिलेगा ना’ हैशटैग मुहिम शुरू कर दी है। दूसरी तरफ डीजीपी अशोक कुमार ने अपने फेसबुक वॉल पर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। 

11 साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी से हर कोई स्तब्ध है। हरिद्वार के बाहर के लोग भी सोशल मीडिया पर मासूम को इंसाफ देने की मांग कर रहे हैं। मासूम को श्रद्धांजलि देने के साथ ‘मुझे इंसाफ तो मिलेगा ना’ हैशटैग मुहिम शुरू कर दी है। पोस्ट लोगों की ओर से शेयर की जा रही है।

डीजीपी अशोक कुमार ने अपनी फेसबुक वाल पर लोगों को भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घटना को अत्यंत जघन्य, दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि पुलिस ने तत्परता से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। डीजीपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। 

फोटो वायरल करने वालों की निगरानी
मासूम को इंसाफ दिलाने की मुहिम में कई लोग उसकी फोटो भी वायरल कर रहे हैं। जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार दुष्कर्म पीड़िता की फोटो क्या, उसका नाम, माता-पिता का नाम व पता तक सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। लेकिन सोशल मीडिया पर मासूम की फोटो वायरल की जा रही है। पुलिस की आईटी सेल इसकी निगरानी कर रही है और फोटो वायरल करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। इसके अलावा भड़काऊ पोस्ट वायरल करने वालों की कड़ी निगरानी की जा रही है।

सांत्वना देने मासूम के घर पहुंचे मदन कौशिक
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक मंगलवार रात मासूम के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। मदन कौशिक ने कहा कि आरोपियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जघन्य घटना ने हरिद्वार का हर व्यक्ति को झकझोर दिया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। शहरी विकास मंत्री ने एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने कहा कि फरार आरोपी के भवन को सील किया जाए। आरोपी कहीं भी छिपा है उसे खोज निकाला जाए। आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें बढ़ाई जाएं। 

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बनाई मानव श्रृंखला 

उत्तरी हरिद्वार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने परमार्थ निकेतन घाट पर बिटिया की आत्म शांति के लिए दीपदान किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर न्याय मिलने तक पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प भी लिया। 

भाजपा नेता विदित शर्मा ने कहा कि धर्मनगरी में इस तरह की घटनाएं होना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में आज लोगों में भय के साथ आक्रोश भी पनप रहा है। उन्हाेंने कहा पूरा हरिद्वार आज पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़ा है।

ऐसी सजा मिले, दूसरों की रूह कांप जाए
नेता प्रतिपक्ष नगर निगम सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्ण राज एस से मिला।  उन्होंने एसएसपी से कहा कि इस घटना के बाद से धर्मनगरी की जनता में असुरक्षा, भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। एसएसपी से पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों को ऐसी सजा मिले कि असामाजिक तत्वों की रूह कांप जाए।

भाजपा पार्षदों ने कठोरतम सजा देने की मांग को लेकर एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। पार्षद दल के उपनेता अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि आक्रोशित जनता की भावनाओं के अनुरूप घटना में संलिप्त दूसरे आरोपी राजीव की तीन दिन के भीतर गिरफ्तारी किया जाए। पार्षद दल के उपनेता राजेश शर्मा ने कहा कि इस शर्मनाक घटना के दूसरे आरोपी राजीव की संलिप्तता को देखते उसके मकान और गोदाम को कुर्क करते हुए सरकारी संपत्ति घोषित किया जाना चाहिए।

भाजपा प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अन्नू कक्कड़ ने कहा कि बच्चियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं सभ्य समाज के लिए चिंता का विषय है। भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी ने इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग करेगी। 

भाजपा के जश्न पर कांग्रेस ने उठाए सवाल 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष के जन्मदिन के जश्न को लेकर आपत्ति जताई है। युवक कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष आकाश भाटी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि दरिंदगी का शिकार हुई मासूम की चिता की अग्नि अभी शांत नहीं हुई थी कि भाजपा के नेताओं ने पार्टी के जिलाध्यक्ष के जन्मदिन का धूमधाम से मनाया। 

उन्होंने कहा कि ढोल नगाड़े बजाते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों फोटो भी सोशल वेबसाइट पर डाल दिए गए। कई नेताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष का फूल मालाएं पहनाकर गुलदस्ते और तोहफे भी भेंट किए। आकाश भाटी ने कहा कि 11 साल की मासूम के साथ हुई दरिंगी और हत्या से हर कोई आहत हैं।  

लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ हरिद्वार के विधायक और कैबिनेट मंत्री ने इस दुख पर दो शब्द नहीं बोले। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री जन्मदिन और शादियों में तो खूब शामिल होते हैं।  लेकिन इतनी बड़ी घटना के दो दिन बीतने के बाद भी वे अब तक पीड़ित परिवार को सांत्वना देने नहीं पहुंचे। 

घड़ियाली आंसू बहाना बंद करे भाजपा
कांग्रेस पार्षद अनुज सिंह ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र एक बार फिर बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा कि मासूम बिटिया के साथ हुई निर्मम घटना पर पूरा शहर रो रहा है। घटना के बारे में सोचकर ही लोगों के आंसू नहीं थम रहे हैं। ऐसे में भाजपा जिला महामंत्री और पार्षद पहले एसएसपी से मिलकर घटना पर दु:ख जताते हुए आरोपियों पर सख्त  कार्रवाई की मांग करते हैं। वहीं बाद में ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष का जन्मदिन मनाते हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed