हरिद्वार जहरीली शराब कांड: आबकारी विभाग के दो निरीक्षक सहित नौ सिपाही निलंबित, घटना से दून पुलिस अलर्ट
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पथरी क्षेत्र की शिवगढ़ ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान प्रत्याशियों की ओर से बांटी गई जहरीली शराब पीने से सात ग्रामीणों की मौत हो गई। मरने वालों में पांच फूलगढ़ और दो शिवगढ़ के रहने वाले थे। मामले में आबकारी विभाग के दो निरीक्षक सहित नौ सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार जिले में शराब पीने से ग्रामीणों की मौत के मामले में आबकारी विभाग के दो निरीक्षक सहित नौ सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। आबकारी आयुक्त हरि चंद्र सेमवाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आबकारी आयुक्त की ओर से जारी आदेश के मुताबिक हरिद्वार जिले के ग्राम फूलगढ़ एवं शिवगढ़ थाना पथरी में शराब के सेवन से जनहानि हुई।
अपर आबकारी आयुक्त मुख्यालय की प्राथमिक रिपोर्ट में मृत व्यक्तियों के शराब के सेवन की पुष्टि हुई है। इस प्रकरण में लक्सर हरिद्वार एवं जनपदीय प्रवर्तन हरिद्वार के स्टाफ की लापरवाही सामने आई है। मामले में लक्सर हरिद्वार के आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद, प्रधान आबकारी सिपाही दिनेश सिंह रावत, प्रधान आबकारी सिपाही शिवराज सिंह, आबकारी सिपाही श्रवण कुमार, जनपदीय प्रवर्तन हरिद्वार के उप आबकारी निरीक्षक किशन सिंह चौहान, प्रधान आबकारी सिपाही डिम्पल रानी, प्रधान आबकारी सिपाही राजीव कुमार सैनी, प्रधान आबकारी सिपाही अनिरुद्ध शर्मा एवं आबकारी सिपाही प्रदीप दयाल को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित निरीक्षक एवं सिपाहियों को संयुक्त आबकारी गढ़वाल मंडल के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। आबकारी आयुक्त की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी निलंबित निरीक्षक एवं सिपाहियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई एवं जांच अधिकारी के संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा।
हरिद्वार की घटना से दून पुलिस अलर्ट
हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में शिवगढ़ और फूलगढ़ में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत के बाद देहरादून पुलिस अलर्ट हो गई है। शनिवार रात एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री करने वालों को चिह्नित करें। उन्होंने कहा कि पूर्व में देहरादून जिले में भी हरियाणा व पंजाब मार्का की अवैध शराब पुलिस ने बरामद की है। कुल्हाल चौकी, सहारनपुर, आशारोड़ी, हरिद्वार और पौड़ी की सीमा से पंजाब व हरियाणा की अवैध शराब आने की आशंका रहती है। लिहाजा इन रास्तों पर चेकिंग करते हुए अवैध शराब पर निगरानी रखें।
शासन को भेजी रिपोर्ट में केवल दो की मौतों का कारण ही शराब पीना माना
जिलाधिकारी ने पथरी क्षेत्र में गांवों में हुई मौतों की प्रारंभिक रिपोर्ट शासन को भेज दी है। प्रशासन के दावे के मुताबिक शनिवार को गांव में चार लोगों की मौत हुई है। इनमें कच्ची शराब पीने से सिर्फ दो ग्रामीण मरे हैं। तीसरे ग्रामीण की बीमारी और चौथे की आपसी मारपीट में चोट लगने से मौत हुई। प्रशासन ने तीन अन्य ग्रामीणों की शराब पीने से मौत की पुष्टि नहीं की है। जिलाधिकारी ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं।
जिलाधिकारी की ओर से प्रशासन को भेजी रिपोर्ट के दावे के मुताबिक गांव शिवगढ़ में एक और फूलगढ़ में तीन ग्रामीणों की शनिवार को मौत हुई। इनमें बिरम सिंह निवासी शिवगढ़ बीमार थे। दावा किया है बिरम सिंह के शराब नहीं पीने की जानकारी सामने आई है। अमरपाल निवासी फूलगढ़ का शुक्रवार को झगड़ा हो गया था।
मारपीट में घायल होने से उनकी मौत हो गई। थाना पथरी में मारपीट का मुकदमा पंजीकृत है। गांव फूलगढ़ में मनोज और अरुण की मौत अत्यधिक शराब पीने से हुई है। प्रथम दृष्टया उक्त प्रकरण में जहरीली शराब सेवन करना प्रतीत नहीं होता है।रिपोर्ट में दावा किया है कि ग्राम पंचायत शिवनगर के मजरा शिवगढ़, फूलगढ़, दुर्गागढ़ और गोविंदगढ़ में किसी अन्य व्यक्ति के बीमार होने की जानकारी नहीं है। लेकिन सभी चार शवों पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अंतिम संस्कार की कर ली थी तैयारी
शराब पीने से गांव फूलगढ़ में पांच ग्रामीणों की हुई मौत के बाद ग्रामीणों ने शवों की अंत्येष्टि करने की पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को ट्रॉलियों से उतरवाए। शवों का पंचनामा भरकर एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। शुक्रवार को हुई दो मौत की खबर भी पुलिस तक नहीं पहुंची थी। ग्रामीणों ने उनकी अंत्येष्टि कर दी थी। शनिवार को पांच लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने शवों को अंत्येष्टि के लिए श्मशान घाट ले जाने की तैयारी शुरू कर दी थी। 11 बजे पुलिस पहुंच गई और एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दोषी पाए जाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में शराब के सेवन से हुई मौतों पर आबकारी निरीक्षक सहित आबकारी विभाग के नौ कार्मिकों को निलंबित किया गया है। इस संबंध में आबकारी आयुक्त की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसमें जो भी दोषी या लापरवाह पाया जाए, उस पर कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आबकारी आयुक्त हरि चंद्र सेमवाल ने आबकारी विभाग के नौ कार्मिकों को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रदेश में शराब माफिया को है सरकार का संरक्षण: करन माहरा
हरिद्वार के लक्सर में जहरीली शराब से हुई मौत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य की कानून व्यवस्था और आबकारी विभाग पर हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर शराब माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। माहरा ने कहा कि इस वारदात से प्रदेश की कानून व्यवस्था से लेकर आबकारी विभाग की सारी परतें खुल गई हैं। पिछले वर्षों में भगवानपुर रुड़की, टिहरी और देहरादून के पथरिया पीर में हुई मौतों ने उत्तराखंड को दहला कर रख दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा सरकार का रवैया भी ढुलमुल था और आज की सरकार भी इस तरह की वारदातों के प्रति संजीदा नहीं है।
ये भी पढ़ें..दून में चलेगा सचिन-ब्रायन का बल्ला: फैंस के लिए खुशखबरी, दिग्गज पहुंच रहे आपके शहर, जानें टिकट की पूरी डिटेल
माहरा ने कहा कि सरकार इतने वर्षों के शासन के बाद भी आबकारी नीति की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। यदि समय रहते पिछली भाजपा की सरकारों ने जहरीली शराब का व्यापार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की होती तो आज हरिद्वार की इस घटना से बचा जा सकता था। वहीं, महामंत्री नवीन जोशी ने शराब माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।