हरिद्वार में पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, रुड़की में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार लोगों की मौत
- ज्वालापुर के ऊंचे पुल पर शनिवार रात हुआ हादसा
विस्तार
हरिद्वार में ज्वालापुर क्षेत्र में ऊंचे पुल की रेलिंग से टकराकर मोटरसाइकिल सवार कनखल के दो युवकों की मौत हो गई। ज्वालापुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली कि ऊंचे पुल के पास एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। पुलिस घायल युवकों को जिला अस्पताल ले गई। दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने किसी निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। हायर सेंटर रेफर के दौरान ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार युवक तेज रफ्तार में थे, जिन्होंने मोटरसाइकिल से संतुलन खो दिया। इसी वजह से मोटरसाइकिल सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई। दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था। युवकों की पहचान शिवम (20) पुत्र राजेंद्र निवासी होली चौक कनखल और सन्नी (20) पुत्र स्वराज निवासी मोहल्ला राजघाट कनखल के रूप में हुई।
इधर, युवकों की मौत के बाद मोहल्लों में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासी एकत्र होकर जिला अस्पताल पहुंच गए। रविवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर दो मासूमों की मौत, तीन घायल
रुड़की में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर तटबंध के रास्ते खेत से घर लौटते समय एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तटबंध से नीचे जा गिरी और उसके नीचे दबकर दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। एक मृतक सहारनपुर से अपनी ननिहाल आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा, जहां महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
रविवार को रणजीतपुर-जसपुर गांव निवासी प्रमोद परिवार के कुछ बच्चों और पत्नी के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव के पास ही खेत पर गए थे। दोपहर में सभी लोग गंगा तटबंध के रास्ते ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे थे। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तटबंध से नीचे जा गिरी। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर नंदिनी (5) पुत्री प्रमोद और ननिहाल आए दीपांशु (10) पुत्र अमित निवासी रायचंदवाला थाना बड़गांव जिला सहारनपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि राधा पत्नी प्रमोद, अंकेश (16) पुत्र प्रमोद और गांव का एक अन्य युवक दीपक (18) पुत्र दयाराम घायल हो गए। उनकी की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। ट्रैक्टर के नीचे दबे बच्चों और महिला को देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर ग्रामीण भी तटबंध की ओर दौड़े।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतकों और घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर अस्पताल भेजा। यहां राधा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, हादसे में दो मासूमों की मौत से रणजीतपुर-जसपुर गांव में मातम पसर गया। मृतकों और घायलों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी आशीष शर्मा का कहना है कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।