उत्तराखंड: पहाड़ों पर बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि ने बढ़ाई ठंड, मैदान में छाए रहे बादल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में आए दिन मौसम बदल रहा है। रविवार को पहाड़ में बारिश और बर्फबारी ने ठंड में इजाफा कर दिया है। वहीं मैदान में बादल छाए रहे। चमोली जिले में रविवार को दोपहर बाद बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, नंदा घुंघटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। नदी घाटी क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि से मौसम में ठंडक आ गई है। शनिवार देर रात भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई।
रविवार को सुबह चटख धूप खिली थी, लेकिन दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अचानक बादल छा गए। देखते ही देखते निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई। हेमकुंड साहिब के प्रवेश द्वार गोविंदघाट, घांघरिया, पांडुकेश्वर और लामबगड़ क्षेत्र में भी देर शाम तक बारिश हुई। गोपेश्वर में दोपहर करीब एक बजे आधा घंटे तक ओलावृष्टि भी हुई।
वहीं मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार को भी हल्के बादल छाये रह सकते हैं। कुछ इलाकों में बेहद हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि कुछ पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में बारिश के अनुमान कम हैं।
कुमाऊं के सीमांत जिलों में वन्य जीवों से बची फसल अब मौसम की मार की भेंट चढ़ रही है। जिला मुख्यालय में रविवार को तेज बारिश हुई। इससे क्षेत्र में गेहूं, मसूर, जई के साथ ही फलों और सब्जियों को काफी नुकसान हो रहा है।
ओलों से भी सब्जियां बर्बाद हो गई हैं। अस्कोट क्षेत्र में दोपहर को आधा घंटे तक मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। बेड़ीनाग क्षेत्र में भी बारिश और ओलावृष्टि से फसल, फल और सब्जियों को नुकसान हुआ है। चंपावत में भी दिन में बारिश हुई। इधर पिथौरागढ़ नगर में भी तीन बजे तेज गरज और चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई।
गरुड़ क्षेत्र में रविवार को दोपहर बाद गोमती, लाहुर, देवनाई, पचगढ़ी घाटी में जमकर ओलावृष्टि हुई। बारिश से गागरीगोल-चनोली मार्ग बंद हो गया है। वहीं, रियूनी लखमार क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से सड़क का मलबा खेतों में भर गया।
इससे फसल को भारी क्षति पहुंची है। इधर, अल्मोड़ा में भी रविवार को बारिश हुई। इधर, हल्द्वानी में तीन दिन की राहत के बाद गर्मी और तपिश फिर सताने लगी है। रविवार को यहां का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा।
वहीं, नैनीताल का अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।