मनचले को मजेदार सबक सिखाकर मां ने टूटने से बचाई बेटी की शादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की में बेटी का रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंचा तो एक महिला ने मनचले को सबक सिखा दिया। महिला ने फोन पर बात करते हुए उसे धोखे से मिलिट्री चौक बुलाया और बुर्के में पहुंचकर चप्पल से धुनाई कर दी।
आने जाने वाले राहगीरों ने भी हाथ साफ किया। कोतवाली लाने पर मनचले को माफी मांगकर छोड़ दिया गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में लाइन पार के एक गांव की महिला ने अपनी बेटी का रिश्ता कुछ दिन पहले लक्सर के एक युवक से तय किया था। लेकिन एक तरफा प्यार में पागल गांव के एक युवक के मन में कुछ और ही चल रहा था।
उसने किसी तरह महिला के होने वाले दामाद का मोबाइल नंबर जुटाया और उससे बात करने लगा। आरोप है कि युवक ने उस पर रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाया।
मनचले पर चप्पल व लात घूंसों की बारिश
शुरूआत में लक्सर के युवक ने उसकी बातों को हल्के में लिया। लेकिन बाद में उसने रिश्ता न तोड़ने पर जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस पर युवक ने अपने परिजनों को यह बात बताई और उसके परिजनों ने युवती की मां को भी यह जानकारी दी।
महिला ने आरोपी की शिकायत न पुलिस से की और न किसी को बताया। उसने होने वाले दामाद के मोबाइल पर आए फोन नंबर पर फोन किया और मनचले को मिलने के लिए रुड़की मिलिट्री चौक पर आने को कहा। महिला की आवाज सुनकर मनचला मंगलवार दोपहर बन ठनकर महिला से मिलने पहुंच गया। लेकिन बुर्के से जैसे ही महिला ने अपना चेहरा दिखाया तो उसके होश उड़ गए।
इसके बाद महिला ने मनचले पर चप्पल व लात घूंसों की बारिश शुरू कर दी। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवानों ने भी हाथ साफ किया। बाद में आरोपी को कोतवाली गंगनहर भेज दिया गया। यहां उसके परिजनों को भी बुलाया गया। आरोपी और उसके परिजनों ने महिला से माफी मांगकर जान बचाई। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया है।