रुड़की: युवती को लेकर जिम संचालक फरार, हिंदू संगठनों का कोतवाली में हंगामा, गांव में तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी जिम संचालक एक युवती को लेकर फरार हो गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव बना हुआ है। उधर, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को मामले की सूचना मिली तो वे कोतवाली पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आरोपी जिम संचालक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी वसीम जिम संचालक है। बुधवार को वह गांव के पास ही स्थित एक कॉलोनी निवासी युवती को लेकर फरार हो गया।
युवती के देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने गांव में तलाश की और उसकी सहेलियों से जानकारी ली। इस बीच परिजनों को पता चला कि युवती को आखिरी बार वसीम के साथ देखा गया है। परिजन उसके घर पहुंचे तो वह गायब मिला।
इसके बाद युवती के परिजन कोतवाली पहुंचे और वसीम पर बेटी के अपहरण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर वसीम के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया है।
युवती की बरामदगी के लिए कोतवाली घेरी
साथ ही दोनों की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम को नैनीताल भेजा गया है। जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। उधर, मामला दो समुदाय से जुड़ा होने पर गांव में तनाव बना हुआ है। तनाव को देखते हुए पुलिस अधिकारी पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
साथ ही कोई गड़बड़ी न हो, इसे लेकर अधीनस्थों को अलर्ट रहने के निर्देश दे रहे हैं। वहीं, मामले की जानकारी हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं को लगी तो वे एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से जल्द युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवती की बरामदगी को लेकर शाम को कोतवाली का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने युवती की बरामदगी को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के जाम लगाने और धरने पर बैठने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
पुलिस ने उन्हें समझाने का भी प्रयास किया। लेकिन वह युवती की बरामदगी और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार शाम तक युवती को बरामद कर लिया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी यदि युवती बरामद नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
दो दिन पहले ही बालिग हुई युवती
पुलिस के अनुसार, जिस युवती के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। वह दो दिन पहले ही बालिग हुई है। पुलिस ने युवती के बारे में परिजनों से जानकारी ली तो यह तथ्य सामने आया। वहीं, युवती के अपहरण के संबंध में पुलिस आरोपी वसीम के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। साथ ही उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है।