Gangotri-Gomukh Trek: चीड़वासा में बही पुलिया, उफनाता नाला पार करते समय दिल्ली के दो कांवड़ यात्री बहे
Uttarkashi News: हिमखंड पिघलने के कारण चीड़वासा नाले में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे नाले पर बनी लकड़ी की अस्थायी पुलिया टूट गई। इस दौरान मोनू और सूरज नाला पार करते समय बह गए।
विस्तार
उत्तरकाशी में गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर चीड़वासा के पास नाले पर बनी पुलिया बहने के बाद तीन कांवड़ यात्री उफनाते नाले को पार कर रहे थे। इसी दौरान दो यात्री नाले में बह गए, जबकि एक ने नाला पार कर लिया था। उसने गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क के कनखूू बैरियर पर साथियों के नाले में बहने के सूचना दी। जब तक बचाव टीम मौके पर पहुंची, तब तक अंधेरा हो चुका था। ऐसे में एसडीआरएफ अब शुक्रवार सुबह से सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
Uttarakhand Rainfall: बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में उफान पर आया नाला, बैरियर पर ही रोके यात्री वाहन
बृहस्पतिवार दोपहर लगभग तीन बजे गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर गंगोत्री से करीब नौ किमी आगे हिमखंड पिघलने के कारण चीड़वासा नाले में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे नाले पर बनी लकड़ी की अस्थायी पुलिया टूट गई। गोमुख जा रहे मोनू (31) पुत्र किशोरी लाल, सूरज (23) पुत्र महावीर और विकास (21) पुत्र सुरेश सभी निवासी साउथ वेस्ट दिल्ली नाले को पार करने लगे। इसी दौरान मोनू और सूरज नाला पार करते समय बह गए, जबकि विकास ने नाला पार कर लिया था। विकास ने गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क के कनखू बैरियर में जाकर साथियों के नाले में बहने की सूचना दी।
इसके बाद गोमुख जा रहे 35 यात्रियों को भोजवासा के पास गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृह व आश्रम में रोक दिया गया। एसडीआरएफ के जिला प्रभारी इंस्पेक्टर जेपी बिजल्वाण ने बताया कि रात होने के कारण दोनों की खोजबीन के लिए शुक्रवार सुबह सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। वहीं डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने गोमुख क्षेत्र में रुके यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए नाले में तुरंत वैकल्पिक पुलिया बनाने के निर्देश दिए हैं।