नायब तहसीलदार से मारपीट करने वाले BJP विधायक को जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में नायब तहसीलदार से मारपीट के मामले में 13 दिन से फरार चल रहे गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे सोमवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ नाटकीय ढंग से पुलिस के समक्ष हाजिर हुए।
पुलिस ने जिला अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद प्रभारी सीजेएम सीमा डुंगराकोटी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेज दिया।
25 अगस्त को नायब तहसीलदार शेर सिंह ग्वाल के साथ मारपीट मामले में विधायक अरविंद पांडेय समेत अन्य लोगों के खिलाफ गदरपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। तब से विधायक फरार थे।
विधायक की धरपकड़ के लिए पुलिस ने जगह-जगह दबिश भी दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। सोमवार को विधायक अरविंद पांडेय अचानक कांबोज धर्मशाला पहुंच गए। वहां से वे पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक राजकुमार ठुकराल, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा समेत सैकड़ों समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर नाटकीय ढंग से थाने में हाजिर हुए।
इसके बाद एएसपी काशीपुर कमलेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंची। मेडिकल के बाद विधायक पांडेय को पुलिस ने प्रभारी सीजेएम सीमा डुंगराकोटी की अदालत में पेश किया।
वरिष्ठ सेवायोजन अधिकारी केएस चौहान की विधायक पांडेय के अधिवक्ता सीबी श्रीवास्तव, धर्मेंद्र शर्मा, दीवाकर पांडेय से रिमांड और जमानत को लेकर करीब 45 मिनट तक बहस हुई।
बहस के बाद प्रभारी सीजेएम ने सभी दलीलें खारिज करते हुए विधायक पांडेय को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में हल्द्वानी जेल भेज दिया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत भी वहां मौजूद रहे।
एक अन्य आरोपी भी हुआ गिरफ्तार
नायब तहसीलदार से मारपीट मामले में फरार चल रहे अशोक कुमार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह चकरपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह भागने की फिराक में था।
पुलिस ने नायब तहसीलदार के साथ मारपीट के मामले में विधायक अरविंद पांडेय के अलावा हेमराज, दीपक कुमार, अशोक कुमार, पंकज कुमार, राजेश गुंबर, गुरनाम सिंह, नरेश शर्मा, जयप्रकाश पांडेय, गीता, रीता रानी, पूजा, निशा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूजा को पूर्व में न्यायालय द्वारा जमानत पर रिहा कर दिया गया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।
मैं स्वयं गिरफ्तारी देने पहुंचा हूं। मैंने कोई गुनाह नहीं किया है। पुलिस ने सत्ता के दबाव में झूठा मुकदमा दर्ज किया है और यह बात जनता जानती है। मैं हमेशा जनहित की लड़ाई लड़ता रहा हूं और यह आगे भी जारी रहेगी।
- अरविंद पांडेय, विधायक गदरपुर
भारी पुलिस फोर्स थी तैनात
विधायक अरविंद पांडेय को सोमवार को न्यायालय में सरेंडर करने जाना था। उनके समर्थन में कांबोज धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी हुई थी। वहीं दूसरी तरफ काबीना मंत्री यशपाल आर्य का भी गदरपुर आने का कार्यक्रम था।
सतर्कता बरतते हुए भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था। इसके अलावा कई जगहों पर सादी वर्दी में भी पुलिस तैनात रही। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों एवं पीएसी के जवानों को भी नगर के चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया था।