{"_id":"6aa59d41c5a0bda27e045b57","slug":"fraud-involving-money-for-land-fir-against-real-brothers-vikas-nagar-news-c-5-1-drn1089-1064807-2026-09-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dehradun News: जमीन के नाम पर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी, सगे भाइयों पर प्राथमिकी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dehradun News: जमीन के नाम पर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी, सगे भाइयों पर प्राथमिकी
Sun, 13 Sep 2026 12:13 AM IST
देहरादून ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
Updated Sun, 13 Sep 2026 12:13 AM IST
विज्ञापन
सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त में दस्तावेजों की हेराफेरी कर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रायपुर (देहरादून) निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर गृह सचिव के निर्देश के बाद पुलिस ने ढाकी गांव निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली सहसपुर प्रभारी निरीक्षक मनोज नौटियाल के अनुसार, वैष्णव विहार (रायपुर) निवासी कृष्ण कुमार बहुगुणा ने गृह सचिव को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने आठ अक्तूबर 2025 को विकासनगर तहसील के मौजा रामपुर कलां (परगना पछवादून) में करीब 15 बीघा जमीन का सौदा ढाकी निवासी सुखवीर सिंह और उसके भाई शशि कुमार (पुत्र शेर सिंह) से किया था। सौदे का लिखित एग्रीमेंट 36 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने नकद भुगतान का दबाव बनाकर अलग-अलग तारीखों में उनसे कुल 35 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित का आरोप है कि सौदे के वक्त दिखाए गए दस्तावेजों में केवल सुखवीर और शशि का नाम ही भूस्वामी के रूप में दर्ज था। लेकिन बाद में जब उन्हें रजिस्ट्री की कॉपी दी गई, तो उसमें अकबर अली, सनव्वर अली सहित एक अन्य व्यक्ति का नाम भी शामिल था। आरोपियों ने जानबूझकर पुरानी रजिस्ट्री से इन नामों को छिपाकर धोखा दिया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बेची गई जमीन का कुछ हिस्सा वर्ग-2 श्रेणी का है, जिसे बेचने का अधिकार प्रथम पक्ष को होता ही नहीं है। इसके अलावा, इस प्रकरण में लगभग उस क्षेत्र की 400 बीघा भूमि ग्राम समाज की भी शामिल बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम विकासनगर ने इसकी जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी सुखवीर ने एक माह में जमीन का सीमांकन (डिमार्केशन) कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वे टालमटोल कर रहे हैं और फोन उठाना भी बंद कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताय कि पुलिस दस्तावेजों को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
विज्ञापन