1500 रुपये के लिए पूर्व प्रधान के बेटे ने युवक पर झोंके कई फायर, अस्पताल में भर्ती
- पहला युवक की जांघ में लगा तो दूसरा कनपटी के पास से निकला
विस्तार
उत्तराखंड के सितारगंज में उधार के रुपये न मिलने पर तैश में आए पूर्व प्रधान के बेटे ने युवक को गोली मार दी। गोली युवक की जांघ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी से हल्द्वानी एसटीएच रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रधान के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। घायल के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
शुक्रवार को साबेपुर गांव में खेमकरन और कुछ अन्य गांव के लोग राम प्रसाद के घर के सामने सड़क पर खड़े थे। आरोप है कि गांव के पूर्व प्रधान का बेटा हरमन सिंह वहां पहुंचा और खेमकरन को उधार दिए 1500 रुपये मांगने लगा।
खेमकरन के रुपये देने में असमर्थता जताने पर हरमन ने तमंचे से खेमकरन पर दो फायर झोंक दिए। इसमें से एक गोली खेमकरन के बायीं जांघ पर जा लगी जबकि दूसरी गोली उसकी कनपटी से सटकर निकल गई।
गोली चलने से गांव में सनसनी फैल गई। इधर, हरमन मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने खेमकरन को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
इधर, कोतवाल सलाहउद्दीन ने बताया कि घायल खेमकरन के भाई सतपाल पुत्र बृजलाल ने तहरीर में फायरिंग के आरोपी हरमन के अलावा उसके पिता पर भी धमकाने का आरोप लगाया है।
सीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि आरोपी हरमन के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 504 व 506 एवं उसके पिता अंग्रेज सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। सरकड़ा चौकी प्रभारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी हरमन सिंह को जनता फार्म तिराहा से गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।