इस बार खून की होली 'खेलेगा' वन विभाग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होली के दिन जहां अधिकतर लोग रंगों की फुहारों के बीच झूम रहे होंगे, वहीं इससे पहली रात उत्तराखंड के घने जंगलों में वन्यजीवों का खून बह रहा होगा।
दरअसल, तंत्र क्रियाओं के लिए होली को मुफीद माना जाता है। होली की पहली रात तांत्रिक जंगलों का रुख कर वन्यजीवों को मारने के बाद तंत्र साधना में उनके खून, अंगों का इस्तेमाल करते हैं।
इसे देखते हुए विभाग ने सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है।
वन्यजीव तस्कर वन विभाग की परेशानी
प्रदेश के जंगलों में पहले ही वन्यजीव तस्करों की सक्रियता वन विभाग की परेशानी पर बल डालती रही है।
अब होली का त्योहार विभाग की दिक्कत बढ़ाने वाला है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि टोने-टोटके, जादू-तंत्र से जुड़े लोग होली से पहले ही जंगलों में जाकर वन्यजीव अंगों की तलाश शुरू कर देते हैं।
अंग न मिले तो ये लोग शिकार करने से भी गुरेज नहीं करते। बताया जा रहा है कि विभाग की एंटी पोचिंग सेल को ऐसे लोगों के सक्रिय होने की कई अहम जानकारियां मिली हैं। इसके आधार पर विभाग ने सभी डिवीजन में अलर्ट जारी कर दिया है।
चमोली, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल की सीमा से लगते जंगलों में खास चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है। जंगलों में जाने वाले लोगों पर खास नजर रखी जा रही है।
इन वन्यजीवों पर खतरा
सियार: सियार के शरीर के अंग सियार सिंगी का तंत्र साधना में उपयोग होता है
कस्तूरी मृग: विलुप्त प्राय इस जीव की नाभि में मिलने वाली कस्तूरी तंत्र में प्रयोग होती है
मोर: मोर के सिर की चोटी का इस्तेमाल तंत्र क्रिया में होता है
उल्लू: उल्लू के पंख, खोपड़ी आदि अंग तंत्र-मंत्र में उपयोग किए जाते हैं
सेही: इस वन्यजीव के कांटों का प्रयोग तंत्र में होता है
बाघ: बाघ की खाल पर बैठकर तंत्र पूजा कारगर मानी जाती है, इसके अलावा बाघ की मूंछ के बाल और नाखून भी तंत्र में प्रयोग किए जाते हैं। इनके अलावा मोहक चिड़िया, मोती शंख, गोमुखी शंख का इस्तेमाल भी तंत्र में होता है
हमने पूरे प्रदेश के लिए अलर्ट के अलावा संवेदनशील इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है। वन्यजीवों की हिफाजत के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। वन कर्मियों की छुट्टियां होली पर रद्द कर दी गई हैं केवल विशेष परिस्थितियों में ही छुट्टी दी जाएगी।
- एसएस शर्मा, प्रमुख वन संरक्षक