उत्तराखंड: पुलिस ने पकड़ी पॉलिथीन की बड़ी खेप, फर्म पर लगाया सवा पांच करोड़ का जुर्माना
हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज चौकी के पास बुधवार को चेकिंग के दौरान सीपीयू ने छोटा हाथी वाहन में पॉलिथीन की बड़ी खेप पकड़ी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम विवेक राय ने वाहन को नगर निगम भिजवा दिया। मामले में एसडीएम और नगर आयुक्त ने अल्मोड़ा की फर्म कन्हैया लाल एंड संस पर सवा पांच करोड़ और श्रीजी ट्रेडर्स तीनपानी हल्द्वानी की फर्म पर 40 हजार का जुर्माना लगाया है।
सीपीयू बुधवार को मेडिकल कॉलेज चौकी के पास रूटीन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान छोटा हाथी वाहन को रोका गया तो चालक कागज नहीं दिखा पाया। गाड़ी में बड़ी मात्रा में पॉलिथीन लदी हुई थी। देर शाम एसडीएम विवेक राय और एमएनए सीएस मर्तोलिया ने पॉलिथीन गिनवाकर 500 रुपये प्रति पॉलिथीन की दर से जुर्माना लगाया। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 65 कट्टों में पॉलिथीन भरी थी।
चालक का आरोप-गोदाम में क्यों नहीं मारा छापा
छोटा हाथी वाहन के चालक का कहना था कि वह अब्दुला बिल्डिंग से माल लेकर आ रहा है। उसे इसे मंडी छोड़ना था। उसने आरोप लगाया कि अफसरों ने अब्दुला बिल्डिंग स्थित गोदाम में छापा नहीं मारा। हालांकि एसडीएम विवेक राय का कहना था कि गोदाम में छापा मारा गया था लेकिन वहां कुछ नहीं मिला।
अफसरों ने दो घंटे तक सीपीयू को घुमाया
एसडीएम ने पॉलिथीन को नगर निगम भेजा तो नगर निगम के अधिकारियों ने पॉलिथीन लेने से मना कर दिया। सीपीयू कर्मियों के उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के दो घंटे बाद नगर निगम पॉलिथीन लेने को तैयार हुआ।
कार्रवाई पर उठे सवाल
नगर निगम और प्रशासन की ओर से पॉलिथीन पर लगाए गए जुर्माने की रकम में सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों की मानें तो हल्द्वानी की एक फर्म के गोदाम से ही अल्मोड़ा को पॉलिथीन भेजी जा रही थी। ड्राइवर ने निगम में ये बात मीडिया कर्मियों को भी बताई। सवाल यह उठ रहा है कि प्रशासन और निगम के अधिकारियों ने उस फर्म पर कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक उसके गोदाम में छापा भी नहीं मारा गया। बाद में अल्मोड़ा की फर्म में भारी भरकम जुर्माना लगा दिया।