देखिए, संस्कार का दम भरने वाली भाजपा का ये रूप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा डोईवाला मंडल अध्यक्ष पर दावेदारी का विवाद अब सड़क पर आ गया है। शुक्रवार को तड़ियाल और मनवाल गुट के सैकड़ों समर्थकों के बीच पार्टी मुख्यालय में ही हाथापाई हो गई। हंगामे के दौरान मनवाल गुट त्रिवेंद्र सिंह रावत जिंदाबाद के नारे लगा रहा था तो तड़ियाल गुट ने निशंक जिंदाबाद के नारे लगाए।
हंगामा बढ़ता देख प्रशासन ने पार्टी मुख्यालय के बाहर पीएसी तैनात करनी पड़ी, लेकिन मजे की बात यह है कि कार्यालय प्रमुख ऊर्बादत्त भट्ट दिन भर दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं को संभालने में लगे रहे और कोई बड़ा नेता स्थिति को नियंत्रित करने नहीं पहुंचा।
जिन मंडलों पर चुनाव विवादित रहे, उनके निस्तारण के लिए शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में बैठक प्रस्तावित थी। विरोध को देखते हुए बैठक गुपचुप तरीके हरिद्वार शिफ्ट की गई। शुक्रवार सुबह राजेंद्र तड़ियाल और राजेंद्र मनवाल के समर्थक बड़ी संख्या में अलग-अलग बसों में भरकर बलबीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
निशंक और त्रिवेंद्र सिंह रावत के समर्थन में लगे नारे
समर्थकों में महिलाओं की भी काफी तादाद रही। दोनों नेताओं के समर्थक पार्टी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी और छींटाकशी होने लगी। निजी टिप्पणियां करने और छींटाकशी से माहौल गरमा गया। इससे समर्थकों में धक्कामुक्की और हाथापाई होने लगी। कार्यालय में लगभग चार घंटे हाई वोल्टेज ड्रामा और हंगामा चलता रहा, लेकिन पार्टी का कोई बड़ा नेता मामला शांत कराने नहीं पहुंचा।
प्रदेश कार्यालय प्रमुख ऊर्वादत्त भट्ट अकेले ही दोनों पक्षों से शांत होने की अपील करते नजर आए। धरने पर बैठे एक धड़े से पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और दूसरे कैंप से पूर्व कैबिनेट मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के समर्थन में लग रहे नारे भी दोनों नेताओं के दखल की गवाही देते नजर आए।
करीब दो बजे दोनों पक्ष शीर्ष नेतृत्व के सामने अपनी बात पहुंचाने की चेतावनी देते हुए निकल गए। दोनों के समर्थकों ने बलबीर रोड पर जुलूस भी निकाला।
हंगामे के पीछे शक्ति प्रदर्शन मकसद
डोईवाला ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पर राजेंद्र तड़ियाल और राजेंद्र मनवाल की दावेदारी का विवाद है। मनवाल समर्थकों का कहना है कि रायशुमारी को नजरअंदाज कर तड़ियाल को मंडल अध्यक्ष घोषित किया गया।
विरोध के चलते प्रदेश चुनाव अधिकारी केदार जोशी ने मंगलवार शाम चुनाव स्थगित कर दिया था। इससे अब तड़ियाल समर्थक गुस्साए हुए हैं। शुक्रवार को हुए हंगामे के पीछे एक तरह से दोनों गुटों का शक्ति प्रदर्शन दर्शाना ज्यादा था।
एयरपोर्ट पर जाजू से मिले दोनों गुट
हरिद्वार में आयोजित बैठक में भाग लेने आए प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू का सुबह के समय राजेंद्र मनवाल समर्थकों ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर घेराव किया और प्रदेश चुनाव अधिकारी समेत कई बड़े नेताओं की शिकायत की। इसके बाद शाम को वापसी में तड़ियाल समर्थकों ने अपनी बात रख नाराजगी जाहिर की।