रामनगर में आपस में भिड़ीं हथिनियां, कटर खिलाने आए कर्मी को उठाकर पटका
आमडंडा डिपो में दो हथिनियां आपस में भिड़ गईं और चारा खिलाने आए कर्मचारी को भी उठाकर पटक दिया। भिड़ंत में एक हथिनी को चोट भी आई है।
डीएफओ बीपी सिंह ने वन्यजीव चिकित्सकों से हथिनियों के व्यवहार पर नजर रख उपचार करने को कहा।
हाईकोर्ट के निर्देश पर कॉर्बेट लैंडस्केप के रिजॉर्टों से नौ अगस्त को मुक्त कराई गईं आठ हथिनियों को रामनगर वन प्रभाग के आमडंडा डिपो में रखा गया है।
लक्ष्मी नाम की हथिनी ने रानी हथिनी पर हमला कर दिया
मंगलवार सुबह चारा खिलाने आए अशोक कुमार सोलर फेंसिंग के घेरे में जाकर हथिनियों को चारा दे रहा था। इसी दौरान पहले खाने के लालच में लक्ष्मी नाम की हथिनी ने रानी हथिनी पर हमला कर दिया।
इससे लक्ष्मी के ही पैरों में चोट लग गई। रानी ने चारा डाल रहे अशोक को सूंड से उठाकर दूर फेंक दिया। उसके घुटनों में चोट लगी है।
वन कर्मियों ने हथिनियों को अलग कर घायल अशोक को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पशु चिकित्सक आयुष उनियाल, दुष्यंत शर्मा ने घायल हथिनी का उपचार किया।