एक्सक्लूसिव: अब देहरादून से दिल्ली के बीच बस से कहीं नहीं उतर सकेंगी सवारियां
- देहरादून जिला प्रशासन के निर्देशों के बाद परिवहन निगम ने सभी ड्राइवर-कंडक्टर को दी सूचना
- आईएसबीटी पर शुरू हुई दिल्ली से आने वाले यात्रियों रैंडम कोरोना सैंपलिंग
- दिल्ली से हल्द्वानी रूट के लिए भी लागू हुआ नियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर आप रोडवेज की बस से दिल्ली से देहरादून या दिल्ली से हल्द्वानी आना-जाना कर रहे हैं तो जरा संभल जाएं। अब कहीं भी बीच में आप बस से नहीं उतर सकते हैं। दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच सीधे आईएसबीटी से ही सवारियां बस में चढ़ेंगी और यहीं उतरेंगी।
जिला प्रशासन ने आईएसबीटी के स्टेशन मास्टर को यह निर्देश दिए हैं कि जो सवारी दिल्ली से देहरादून तक बस का सफर कर रही है, उसे बीच में कहीं भी न उतारा जाए। इसके बजाए उसे सीधे देहरादून के आईएसबीटी पर ही उतारा जाएगा।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां सवारियों की रैंडम कोरोना एंटीजन जांच करेगी। बाकी यात्रियों का पूरा नाम-पता नोट करने के बाद ही उन्हें घर जाने दिया जाएगा। रैंडम जांच शुरू की जा चुकी है।
आईएसबीटी के स्टेशन मास्टर की ओर से दिल्ली रूट पर चलने वाले सभी ड्राइवर और कंडक्टरों को भी इस बारे में सूचना दी जा चुकी है। सभी ड्राइवर और कंडक्टरों को बस संचालन के दौरान खास एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी सवारी को बिना मास्क बस के भीतर कतई एंट्री नहीं दी जाएगी।
दिल्ली से हल्द्वानी आने वाले भी नहीं उतर सकेंगे
दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच परिवहन निगम ने हल्द्वानी से दिल्ली रूट पर चलने वाली बसों को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत दिल्ली से रुद्रपुर या हल्द्वानी आने वाले यात्रियों को रास्ते में नहीं उतारा जाएगा। यात्रियों को सीधे बस स्टैंड लाया जाएगा।
यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम रैंडप सैंपलिंग करेगी। जो यात्री दिल्ली से रुद्रपुर आएंगे, उन्हें रुद्रपुर बस अड्डे पर उतारा जाएगा, जिन्होंने हल्द्वानी का टिकट लिया है, उन्हें सीधे हल्द्वानी में ही उतारा जाएगा। यहां भी अभी तक यात्री बीच रास्ते में उतर जाते थे।