उत्तराखंड में बढ़ा बिजली संकट: तीन से चार घंटे पावर कट, 12 रुपये प्रति यूनिट के दाम पर भी नहीं हो पा रही पूरी आपूर्ति
उद्योगों में तीन घंटे की बिजली कटौती हो रही तो वहीं भट्टियों वाले क्षेत्रों में भी चार घंटे तक कटौती हो रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तीन से चार घंटे की कटौती हुई। लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में गर्मी बढ़ने के साथ ही बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन बिजली का संकट बढ़ गया। न केवल उद्योग बल्कि भट्टियों और ग्रामीण इलाकों में भी तीन से चार घंटे का पावर कट लगा। इससे लोग परेशान रहे। यूपीसीएल लगातार बिजली उपलब्धता की कोशिश कर रहा है, लेकिन हालात यह हो गए हैं कि 12 रुपये प्रति यूनिट के दाम पर भी पूरी बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है। आज शुक्रवार को भी प्रदेश में यही स्थिति देखने को मिल रही है।
सुबह के 12 बजे से पांच बजे के बीच सबसे ज्यादा संकट आ रहा है। बृहस्पतिवार को जहां उद्योगों में तीन घंटे की बिजली कटौती हुई तो वहीं भट्टियों वाले क्षेत्रों में भी चार घंटे तक कटौती हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तीन से चार घंटे की कटौती हुई। यूपीसीएल के एसई गौरव शर्मा ने बताया कि लगातार बिजली खरीद की कोशिश की जा रही है, लेकिन कम बिजली मिल पा रही है। शुक्रवार को भी तीन से चार घंटे की बिजली कटौती हो सकती है।
उधर धनौरी देहात क्षेत्र में बिजली कटौती से ग्रामीण को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बोर्ड परीक्षार्थियों को भी पढ़ाई करने में परेशानी आ रही है। दिन में चार घंटे की कटौती की जा रही है। रात को भी बिजली की आंख मिचैली रहती है। परीक्षार्थी अजय ने बताया कि रात को बिजली चली जाती है। गर्मी और मच्छर भी परेशान करते हैं। संदीप का कहना है कि शाम को बिजली गुल हो जाती है। रात को नौ बजे के आसपास आती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
कोटद्वार क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील में ऊर्जा निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर बिजली की सुचारु आपूर्ति की मांग की। चेताया कि बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर अघोषित बिजली कटौती कर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लोगों को 24 घंटे बिजली और पानी देने का वायदा किया था। लेकिन, चुुनाव जीतते ही सभी वादे हवा हवाई हो गए हैं। इन दिनों बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, बिजली कटौती के कारण छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षा की तैयारी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। गर्मी में घंटों तक बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं। उन्होंने बिजली कटौती बंद करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में देवेंद्र भट्ट, शुभलोक रावत, राकेश शर्मा, उमेश बिष्ट, अतुल नेगी, भारत रावत, महेश नेगी, दिनेश शर्मा आदि शामिल थे।
आस्था का उमड़ेगा सैलाब: चारधाम यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह, दो साल बाद टूट सकता है तीर्थ यात्रियों का रिकॉर्ड, यह हैं वजह