{"_id":"1ee220a98f838736bd7ea5f10716eb7f","slug":"elderly-businessman-actively-senses-skimming-crooks-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुजुर्ग के जोश से बदमाश के उड़े होश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुजुर्ग के जोश से बदमाश के उड़े होश
ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
Updated Sun, 14 Feb 2016 01:15 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लक्ष्मण चौक पर बुजुर्ग कारोबारी महेंद्र सिंह मठारु के साहस ने बदमाश के होश उड़ा दिए। गुत्थम-गुत्था होने के बाद बदमाश को अपनी जान बचाने के लिए गोली तक चलानी पड़ी। साहसी बुजुर्ग ने गोली चलने के बाद हमलावर का एक पैर पकड़ लिया। छुड़ाने के लिए बदमाश ने दूसरे पैर के घुटने और जूते से मुंह पर अनगिनत प्रहार किए।
विज्ञापन
लहूलुहान करने के बाद ही हमलावर खुद को बुजुर्ग की जकड़न से मुक्त करा सका। बुजुर्ग के जोश से घबराए बदमाश ने हड़बड़ाहट में अपना बैग मौके पर छोड़ दिया जो अब उसकी गिरफ्तारी का कारण बनेगा। शनिवार को होश में आए बुजुर्ग ने टकराव की पूरी दास्तां बताई तो पूरी तस्वीर साफ होती चली गई।
विज्ञापन
लक्ष्मण चौक के केशव रोड निवासी बुजुर्ग कारोबारी सरदार महेंद्र सिंह मठारु अकेले ही पूरे घटनाक्रम के राजदार थे। शुक्रवार रात बदमाश द्वारा किए हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिर के अलावा एक आंख पर गहरी चोट होने से पुलिस उनसे बात नहीं कर पाई थी। शनिवार को होश आया तो बुजुर्ग के साहस की कहानी सामने आ गई।
विज्ञापन
पुलिस की मानें तो कारोबारी और बदमाश का अचानक आमना-सामना हुआ। क्योंकि दोनों अलग-अलग रास्तों से प्रथम तल पर पहुंचे थे। 78 बरस के होते हुए महेंद्र सिंह उस अजनबी से भिड़ गए। गुत्थम-गुत्था में वो भारी पड़े तो बदमाश ने उन्हें डराने के लिए तमंचे से फायर कर दिया। इसके बाद भी बुजुर्ग बदमाश को छोड़ने को राजी नहीं हुए। उन्हाेंने बदमाश का एक पैर पकड़ लिया, जिससे उसके होश उड़ गए।
बुजुर्ग के चंगुल से बचाने के लिए बदमाश ने पूरी ताकत झोंक दी। वो दूसरे पैर के घुटने से बुजुर्ग के मुंह पर प्रहार करता रहा। बीच-बीच में जूते की ठोकर भी मारी गई। बुरी तरह लहूलुहान होने के बाद बुजुर्ग का शिकंजा थोड़ा कमजोर हुआ तो बदमाश खुद को छुड़ाकर भागने में सफल हो गया। निसंदेह उनकी जांबाजी सलाम के काबिल है।
बैग से हिमाचल के बदमाशों पर नजर
पुलिस को घटनास्थल से एक बैग भी बरामद हुआ है, जिसमें कुछ कागजात हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से जुड़े हैं। पुलिस की जांच रात से ही रंजिश और लूटपाट के बिंदुओं पर चल रही थी, लेकिन रात में कोठी से लावारिस बैग पड़ा मिला तो पुलिस जांच की दिशा ही बदल गई। अब पुलिस सीधे तौर पर घटना को लूट अथवा चोरी से जोड़कर चल रही है। इसी आधार पर हिमाचल प्रदेश के बदमाशों की तलाश में पुलिस जुट गई है। संदेह के दायरे में आए कई बदमाशों का लोकेशन खंगाला जा रहा है। उधर पुलिस ने घायल के भाई भूपेंद्र सिंह की तरफ से अज्ञात के खिलाफ जान लेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कारोबारी पर जानलेवा हमले की घटना पुलिस के लिए चुनौती है। गोली चलाने वाले की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। उम्मीद जताई कि जल्द ही आरोपी कानून के शिकंजे में होगा।
डा सदानंद दाते, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
दो से तीन हो सकते हैं बदमाश
पुलिस सूत्रों की मानें तो बुजुर्ग कारोबारी के घर में लूटपाट की योजना में दो से लेकर तीन तक बदमाश हो सकते हैं। इसी संभावना पर पुलिस काम कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि शाम होते ही बदमाश छिपने के इरादे से घर में घुस गया। हो सकता है कि उसके अन्य साथी बाहर से नजर रखे हाें। रात में उनका इरादा घटना को अंजाम देने का रहा होगा।
वृद्ध दंपति के हमलावरों को गिरफ्तार करो
लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी ने पुलिस की नाक के नीचे हुई वारदात की निंदा की है। सोसाइटी के मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ बंसल ने कहा कि लक्ष्मण चौक पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर बेखौफ बदमाशों ने वृद्ध दंपति पर हथियार से हमला कर लूट का प्रयास किया था। जिससे वृद्ध दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। वारदात से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सोसाइटी ने पुलिस से बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है। बदमाश गिरफ्तार नहीं किए गए तो धरना-प्रदर्शन होगा। सोसाइटी ने क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर नरेश बंसल, कमलेश अग्रवाल, प्रदीप दुग्गल, विजय मालिक, चंद्र प्रकाश नौटियाल, हरदीप सिंह बाबा, अमरपाल आदि क्षेत्रवासियों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर आक्रोश व्यक्त किया है।