भूकंप की अफवाह फैलाने वालों की अब खैर नहीं, किया तो जिंदगीभर काटते रह जाएंगे पुलिस थाने के चक्कर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब अगर किसी ने भी भूकंप की झूठी खबर फैलाई तो उसकी खैर नहीं। सोशल मीडिया पर भूकंप की अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वायरल होने वाले मैसेज में भूकंप के तेज झटके आने की भविष्यवाणी की जा रही है।
डीआईजी गढ़वाल अजय रौतेला ने इस मामले में आईटी सेल को जांच के निर्देश दिए हैं। आरोपी का पता लगाकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बता दें कि पिछले तीन-चार दिनों से सोशल मीडिया पर भूकंप से संबंधित मैसेज वायरल हो रहा है।
मैसेज में बताया जा रहा है कि चमोली में कुछ दिनों के भीतर भूकंप के पांच झटके आने वाले हैं। ये झटके आठ रिक्टर स्केल के होंगे। लिहाजा मैसेज में सभी को सावधान रहने को भी कहा जा रहा है।
डीआईजी ने दिए कार्रवाई के आदेश
डीआईजी अजय रौतेला ने बताया कि उन्होंने इस मैसेज का संज्ञान लेते हुए मौसम विभाग से बात की थी। मौसम विभाग की ओर से जानकारी मिली है कि इस तरह की कोई भविष्यवाणी जारी नहीं की गई है।
डीआईजी के अनुसार उन्होंने आईटी सेल को इस संबंध में जांच के निर्देश दिए हैं। पता लगाया जा रहा है कि इस मैसेज की शुरुआत कहां से हुई है। आरोपी का पता लगाकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों पुलिस महानिदेशक ने भी सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के आदेश दिए थे। इस मैसेज से भी लोग बेवजह आतंकित हो रहे हैं। इधर-उधर फोन कर लोग एक दूसरे की कुशलक्षेम और सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहने लगे हैं। उन्होंने अपील की है कि लोग इस भ्रामक मैसेज से आतंकित न हों, इस तरह की कोई भविष्यवाणी नहीं की गई है।