दून पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर अपलोड किया संदेश, आपके लिए जानना बेहद जरूरी
'मित्र मेरा एक्सीडेंट हो गया है और मुझे तुरंत पैसों की जरूरत है। प्लीज मुझे पेटीएम पर 25000 रुपये तुरंत भेज दो।' फेसबुक मैसेंजर पर आपके किसी करीबी मित्र का ये मैसज आए तो सावधान हो जाएं। यह संदेश किसी साइबर क्रिमिनल का हो सकता है।
इस तरीके से कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा चुका है। इससे सावधान करती हुआ पोस्ट दून पुलिस ने शेयर किया है। जिसके जरिए बताया गया है कि साइबर क्रिमिनल फेसबुक से आपकी फोटो डाउनलोड कर आपके नाम से नया प्रोफाइल बना देते हैं।
एक संदेश पर पैसे ट्रांसफर किए तो आप ठगी का शिकार हो सकते हैं
इसके बाद आपके असल प्रोफाइल में जुड़े लोगों को इस फर्जी प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जाती है। प्रोफाइल में आपकी तस्वीर देख लोग इसे एक्सेप्ट भी कर लेते हैं। यहीं से शुरू होता है ठगी का खेल।
साइबर क्रिमिनल आपके फेसबुक मित्रों को मैसेंजर पर संदेश भेज हादसे की सूचना देकर पैसे मांगते हैं। इसलिए ऐसा कोई भी संदेश आए तो पहले अपने मित्र को फोन कर तसल्ली कर लें कि वह सकुशल है या नहीं। सिर्फ एक संदेश पर पैसे ट्रांसफर किए तो आप ठगी का शिकार हो सकते हैं।