बच्चों के यौन शोषण पर DM को नोटिस
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में स्कूली बच्चों के यौन शोषण मामले में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने डीएम को नोटिस भेजा है।
समय पर जांच रिपोर्ट न देने से नाराज आयोग ने उधमसिंह नगर के जिलाधिकारी को 30 जुलाई को पेश होने का निर्देश दिया है।
आयोग को 29 अप्रैल 2014 को शिकायत मिली थी कि किच्छा (ऊधमसिंह नगर) के एक आवासीय स्कूल में प्रबंध समिति का सदस्य छात्रों का यौन शोषण करता है।
यह भी आरोप था कि इससे पूर्व बच्चों को नशीली दवाएं खिलाई जाती हैं। इसके अलावा किसी से शिकायत करने पर फेल करने की धमकी दी जाती है।
पिस्टल दिखाकर बच्चों को धमकाया
आरोप था कि इस व्यक्ति के इशारे पर एक बौने कद का व्यक्ति अकसर स्कूल में आता है और पिस्टल दिखाकर बच्चों को धमकाता है।
आयोग के अध्यक्ष अजय सेतिया ने दो मई को जिलाधिकारी को एसडीएम स्तर के अधिकारी से जांच कराने, छात्रों के बयान दर्ज कराने और रिपोर्ट भेजने के लिए कहा था।
लेकिन इस संवेदनशील मामले की जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन ने दो माह बाद भी आयोग को नहीं भेजी।
इस पर नाराजगी जताते हुए आयोग ने डीएम को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि पोक्सो अधिनियम के तहत उस व्यक्ति या अधिकारी के खिलाफ भी केस दर्ज होगा, जो मामले की जानकारी मिलने पर भी कार्रवाई नहीं करता। आयोग ने डीएम को पेश होने का निर्देश दिया है।
(नोटः इस खबर से संबंधित किसी भी सुझाव या सवाल के लिए मेल आईडी-manishb@ddn.amarujala.com और इस नंबर- 8392945705 पर संपर्क कर सकते हैं।)