उत्तराखंड: नैनीसैनी हवाई पट्टी को डीजीसीए ने जारी किया लाइसेंस, यहां से जल्द शुरू होगी उड़ान
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पिथौरागढ़ की नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू करने के लिए राज्य विमानन विभाग को एअरोड्रम लाइसेंस दे दिया है। इससे अब पिथौरागढ़ से जल्द ही हवाई सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
वित्तमंत्री एवं स्थानीय विधायक प्रकाश पंत ने 26 दिसंबर को जारी लाइसेंस की प्रति उपलब्ध कराई है। वर्ष 1993 में बनी इस हवाई पट्टी का हाल में विस्तारीकरण का कार्य पूरा हुआ था।
नौ अक्टूबर को हवाई पट्टी में ट्रायल लैंडिंग का उद्घाटन किया गया था। उसी दिन देहरादून में गृह मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाई थी।
कुछ औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण नागर विमानन महानिदेशालय का लाइसेंस नहीं मिल पाया और इस कारण उड़ान शुरू नहीं हो पाई। अब एअरोड्रम का लाइसेंस मिल गया है। लाइसेंस मिलने के बाद वित्तमंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू करने में अब किसी प्रकार की बाधा नहीं रह गई है।
लाइसेंस मिलने के बाद अब लोगों को भी लग रहा है कि जल्द ही पिथौरागढ़ से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। निकाय चुनाव में भी यह मुद्दा जोर शोर से उठा था। उस समय भाजपा को जवाब देना भारी पड़ा था।
इसी दबाव में स्थानीय विधायक और वित्त मंत्री प्रकाश पंत लगातार सक्रिय रहे। उस समय कहा गया था कि हवाई पट्टी के निकट तीन मकानों को लेकर विमानन निदेशालय को आपत्ति है। महानिदेशालय के स्तर पर इस मामले को लेकर एक और सर्वे की बात भी की गई थी।