{"_id":"6475d1abf337d73d3d09fba5","slug":"dehradun-weather-bandal-river-overflow-after-rainfall-for-some-time-people-panic-2023-05-30","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Dehradun Weather: कुछ देर की बारिश से उफनाई बांदल नदी, बाढ़ जैसे हालात देख खौफ में आए लोग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dehradun Weather: कुछ देर की बारिश से उफनाई बांदल नदी, बाढ़ जैसे हालात देख खौफ में आए लोग
Tue, 30 May 2023 04:11 PM IST
अलका त्यागी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: अलका त्यागी
Updated Tue, 30 May 2023 04:11 PM IST
सार
दोपहर में अचानक मौसम बदला और झोंकेदार हवाओं के साथ तेज बारिश होने लगी। जिसके चलते मालदेवता नदी का जलस्तर बढ़ गया।
विज्ञापन
बांदल घाटी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मानसून आने में अभी वक्त है। लेकिन, सोमवार को हुई मिनटों की बारिश के बाद मालदेवता क्षेत्र के लोग इस साल मानसून न आने की प्रार्थना कर रहे हैं। यहां मिनटों की बारिश में बांदल नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए और लोगों ने अपना सामान पैक करना शुरू कर दिया। जबकि ग्रामीणों की ओर से नदी में बनाए गए लकड़ी के अस्थायी पुल के बहने से भी लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
सोमवार को दोपहर में अचानक मौसम बदला और झोंकेदार हवाओं के साथ तेज बारिश होने लगी। जिसके चलते मालदेवता नदी का जलस्तर बढ़ गया। ग्रामीण सुनील ने बताया, नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के छह-सात गांव का शहर से संपर्क टूटने का खतरा बढ़ गया। बीते साल आई मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के कई पुल, रास्ते टूट गए थे। लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लकड़ी के पुल बनाए थे, जो सोमवार को आई बारिश में बह गए।
विज्ञापन
Uttarakhand Weather: देहरादून-मसूरी में झोंकेदार हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश, पड़े ओले
विज्ञापन
सीतापुर गांव की पूर्व प्रधान नमनी देवी ने कहा, बीते कुछ सालों से मानसून में रायपुर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। इससे बचने के लिए सरकार की ओर से कोई खास तैयारियां नहीं की जा रही है। ऐसे में इस साल भी बाढ़ न आए, इसके लिए मानसून न आने की प्रार्थना की जा रही है। लोगों ने बाढ़ की डर से अपना सामान पैक करना शुरू कर दिया है।
रायपुर में बीते साल आई थी बाढ़
बीते साल अगस्त माह में हुई मूसलाधार बारिश के चलते रायपुर क्षेत्र में भयंकर बाढ़ आई थी। जिसके चलते कई मकान, सड़कें, पुल मलबे की चपेट में आए थे। जबकि कुछ लोगाें की मौत और कई लोग घायल भी हुए थे। ऐसे में लोगों के मन अभी भी उस बाढ़ का डर है।