यहां ट्रैफिक पुलिस तय करेगी स्कूल की छुट्टी का टाइम
अब राजधानी देहरादून में ट्रैफिक पुलिस स्कूलों की छुट्टी का टाइम तय करेगी। क्या है मामला, पढ़ें...
उत्तरखंड के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति गुरुवार को देहरादून में हुई बैठक में उखड़ गए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी तरह की सुनवाई नहीं होगी। अब सिर्फ सीधी कार्रवाई होगी।
ट्रैफिक पुलिस स्कूल की छुट्टी का समय तय कर देगी। पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के टाइम को लेकर बुलाई गई एसएसपी की बैठक में पुलिस आफिस का सभाकक्ष स्कूल प्रतिनिधियों से खचाखच भरा था।
बैठक शुरू होते हुए एसएसपी ने कहा कि यह बैठक स्कूलों की दिक्कत जानने के लिए नहीं बुलाई गई है। सिर्फ यह बताना है कि स्कूल के बाहर अभिभावकों के वाहन नहीं चाहिए।
प्रतिनिधि की कोई बात न सुनकर बैठक को किया खत्म
यह स्कूल संचालकों की समस्या है कि अभिभावकों के वाहनों को स्कूल परिसर के अंदर रखा जाए। अब यदि स्कूल के बाहर वाहन मिलते हैं तो स्कूल संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा।
शहर को जाम से बचाने के लिए स्कूल संचालकों को भी आगे आने होगा, क्योंकि पुलिस कब तक उनकी वजह से फजीहत झेलेगी। उन्होंने आर्मी स्कूल की रायपुर रोड पर खड़े होने वाली बसों को हटाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने नई जिंदगी अभियान को लेकर भी स्कूल संचालकों से नशा विरोधी समिति बनाने के लिए कहा, ताकि उन्हें ट्रेनिंग दी जा सके। कप्तान ने किसी स्कूल प्रतिनिधि की कोई बात न सुनकर बैठक को खत्म कर दिया।