देहरादूनः पलटन बाजार को स्मार्ट बनाने का काम शुरू, 13 करोड़ की लागत से होगा सौंदर्यीकरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्मार्ट सिटी के तहत पलटन बाजार में बुधवार रात से काम शुरू कर दिया गया। पलटन बाजार का करीब 13 करोड़ रुपये में सौंदर्यीकरण किया जाना है। इसके तहत फुटपाथ, हॉकर जोन, पार्किंग आदि की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
पिछले दिनों मेयर सुनील उनियाल गामा ने पलटन बाजार में स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले कामों की शुरूआत को हवन पूजन किया था। इसके तहत पलटन बाजार के एंट्रेंस को सुंदर लुक दिया जाएगा। सड़क के दोनों ओर फुटपाथ का लेवल बराबर रखा जाएगा। इधर, सीएनआई स्कूल के पास हॉकर जोन बनाया जाएगा। इसकेसाथ ही कोतवाली के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक पलटन बाजार की सभी दुकानों को एक ही रंग में रंगा जाएगा। सभी दुकानों को अलग-अलग नंबर भी दिए जाएंगे। पैदल चलने वाले लोगों के लिए बेहतर फुटपाथ भी तैयार किए जाएंगे। विकलांग और गर्भवती महिलाओं आदि केलिए गोल्फ कार्ट की व्यवस्था भी की जाएगी।
नए सिरे से बनेगी 476 मीटर सड़क
पलटन बाजार की 476 मीटर सड़क का भी नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। विद्युत और टेलीफोन लाइनों को मल्टी यूटिलिटी डक्ट बनाकर शिफ्ट किया जाएगा। सुबह सात से रात 10 बजे तक पलटन बाजार में दो एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
स्मार्ट टॉयलेट व वाटर एटीएम का उद्घाटन
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए जा रहे स्मार्ट टॉयलेट और वाटर एटीएम का बृहस्पतिवार को मेयर सुनील उनियाल गामा ने शुभारंभ किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में स्मार्ट टॉयलेट और वाटर एटीएम का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने दून अस्पताल परिसर और पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क में लगाए गए वाटर एटीएम का उद्घाटन भी किया। मेयर गामा ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कुल सात स्मार्ट टॉयलेट और 24 वाटर एटीएम लगाए जाने हैं।