देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल: साहित्य के साथ सिनेमा और कला पर भी होगी चर्चा
- 11 से 13 अक्तूबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल रिवरसाइड कैंपस में आयोजित होगा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल
- मार्क टुली, पद्मभूषण रस्किन बांड, करन थापर, इम्तियाज अली, रेखा भारद्वाज, विशाल भारद्वाज, पंकज कपूर समेत कई हस्तियां होंगी शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दून में 11 से 13 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में साहित्य के साथ ही सिनेमा और कला पर भी चर्चा होगी। दून इंटरनेशनल स्कूल रिवरसाइड कैंपस में तीन दिवसीय फेस्टिवल के दौरान आठ सत्र सिनेमा और कला के लिए समर्पित होंगे। अमर उजाला इस आयोजन का मीडिया पार्टनर है।
पहले दिन शुक्रवार 11 अक्तूबर को शाम साढ़े छह से साढ़े सात बजे तक फिल्म द ताशकंद फाइल्स पर चर्चा होगी। यह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और ताशकंद में उनकी रहस्यमय मौत से जुड़ी फिल्म है। फिल्म के लेखक विवेक रंजन अग्निहोत्री और लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र सुनील शास्त्री इस सत्र में शामिल होंगे। फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री की मौत के रहस्य पर से पर्दा उठाने का प्रयास किया गया है। इस सत्र का संचालन अक्षय राठी करेंगे।
दूसरे दिन शनिवार को शाम चार से पांच बजे तक द लैंग्वेज ऑफ डांस सत्र आयोजित होगा। इसमें मोलिना सिंह के साथ अनुरागा संगल परिचर्चा करेंगी। इसी दिन रात को सात से आठ बजे तक सिनेमा पर आधारित सत्र होगा। सिनेमा फॉर द सोल में अक्षय राठी मशहूर फिल्म निर्देशक व लेखक इम्तियाज अली से बातचीत करेंगे। इम्तियाज को जब वी मेट, लव आजकल, रॉकस्टार जैसी फिल्मों के लिए पहचाना जाता है।
रेखा भारद्वाज होंगी आकर्षण का केंद्र
फेस्टिवल के अंतिम दिन मशहूर गायिका व लाइव परफॉर्मर रेखा भारद्वाज आकर्षण का केंद्र होंगी। अपनी गायकी के लिए रेखा दो फिल्म फेयर और एक नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी हैं। ससुराल गेंदा फूल (दिल्ली-6), डार्लिंग (सात खून माफ), बड़ी धीरे जली (इश्किया), एक घड़ी (डी डे), हमारी अटरिया पे (डेढ़ इश्किया) जैसे गीतों से अपनी अलग पहचान बना चुकीं रेखा सुबह 11 से 12 बजे जुबां पे लागा सत्र में रसना कोहली से संवाद करेंगी।
सिनेमा पर संवाद करेंगे विशाल भारद्वाज
प्रख्यात फिल्म निर्देशक, स्क्रीन राइटर, संगीतकार और गायक विशाल भारद्वाज भी फेस्टिवल की शोभा बढ़ाएंगे। वह अंतिम दिन शनिवार को दोपहर 12 से एक बजे के दौरान द आर्ट ऑफ परफेक्शन (पोएट्री, म्यूजिक एंड सिनेमा) सत्र में शांतनु राय चौधरी से बातचीत करेंगे। सिनेमा और लेखन के बदलाव, चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा होगी।
एक्टिंग को समर्पित रहेंगे आखिरी दो सत्र
फेस्टिवल के आखिरी दो सत्र पूरी तरह एक्टिंग को समर्पित रहेंगे। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज कपूर और उनकी पत्नी सुप्रिया पाठक कपूर इन सत्रों में मौजूद रहेंगी। शाम छह से सात बजे तक सुप्रिया पाठक कपूर का सत्र रील टू रियल होगा। इसमें वह अभिनय और सिनेमा को लेकर विनीत पंछी से बातचीत करेंगी। सुप्रिया को खिचड़ी में हंसा के किरदार से याद किया जाता है। अगले सत्र में रात सात से आठ बजे तक पंकज कपूर देअर इज मोर टू मी सत्र में संवाद करेंगे। इस सत्र का संचालन भी विनीत पंछी करेंगे।