Dehradun: बिल्डर शाश्वत गर्ग के घर कुर्की; गिरफ्तारी से बचने के लिए परिवार सहित नौ महीने से है फरार
आर्केडिया हिल्लॉक्स सोसायटी के अध्यक्ष विवेक कुमार ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि शाश्वत गर्ग और उसके साथियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सोसायटी में फ्लैट आवंटित करने के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की। इसके बाद से गर्ग फरार है।
विस्तार
राजपुर थाना पुलिस ने नौ माह से फरार चल रहे बिल्डर शाश्वत गर्ग के घर आज कुर्की कर दी है। मसूरी रोड स्थित आर्केडिया हिल्लॉक्स सोसायटी में फ्लैट आवंटन के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए शाश्वत गर्ग परिवार सहित फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी शाश्वत गर्ग के सहस्त्रधारा रोड स्थित घर की कुर्की की।
पुलिस के अनुसार 21 नवंबर 2025 को आर्केडिया हिल्लॉक्स सोसायटी के अध्यक्ष विवेक कुमार ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि शाश्वत गर्ग और उसके साथियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सोसायटी में फ्लैट आवंटित करने के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस को मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन मुख्य आरोपी शाश्वत गर्ग घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है।
STF ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य पकड़े: नौकरी के नाम पर खुलवाते थे खाते, करते थे OLX फ्रॉड से साइबर ठगी
गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट और कुर्की वारंट प्राप्त किया।
इसके बाद आज राजपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सहस्त्रधारा रोड स्थित ऊषा कॉलोनी में शाश्वत गर्ग के मकान की कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों के खिलाफ भी न्यायालय से कुर्की वारंट प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। उनकी गिरफ्तारी और संपत्तियों की कुर्की के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।