दून: प्रेमी युगल को उठाने पर बवाल, 'पाकिस्तानी' युवक का हाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर से फरार युगल को एक होटल से उठाकर ले जाने के दौरान देहरादून में बवाल हो गया। एक अधिवक्ता के मुंशी से मारपीट और आफिस में तोड़फोड़ से उग्र लोगों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। गुस्साए लोगों ने उसकी कार का शीशा तोड़ दिया।
लक्खीबाग चौकी पर जमा हुए कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जाम लगाकर हंगामा भी किया। इसी दौरान आरोपी के समर्थन में आए एक पूर्व छात्र नेता से भी लोगों ने धक्कामुक्की की। इससे तनातनी का माहौल हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। आरोपी महताब पाकिस्तान का नागरिक बताया जा रहा है, जो लंबी अवधि की वीजा पर है।
सहारनपुर जिले के कैलाशपुर से भागकर एक प्रेमी-युगल 24 जून को दून आया था। युगल त्यागी रोड के एक होटल में शनिवार से ठहरा था। युगल कोर्ट मैरिज की तैयारी में था। बुधवार दोपहर युगल के परिजन उनकी तलाश में होटल पहुंच गए।
भड़के लोग, युवक और एक युवती को पकड़ लिया
लड़की के परिजनों की तरफ से देवबंद निवासी महताब भी आया था। युगल को उनके परिजन होटल से जबरन ले गए। इसी दौरान होटल कर्मियों से नोकझोंक के बाद महताब एक युवती और अन्य साथियों के साथ वकील सुशील नौटियाल के दफ्तर पहुंच गया।
प्रेमी का साथ देने का आरोप लगाने पर महताब और उसके साथी की अधिवक्ता के मुंशी शुभम तिवारी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि शुभम से मारपीट कर आफिस में तोड़फोड़ की गई।
शोरशराबा होने पर एकत्र लोगों ने महताब और युवती को पकड़ लिया, अन्य साथी भाग गए। महताब की पिटाई करने के साथ उसकी कार का शीशा तोड़ दिया गया। हंगामे की खबर पर आए लक्खीबाग चौकी प्रभारी नवनीत भंडारी महताब को छुड़ाकर ले आए।
पाकिस्तानी युवक अश्लील MMS मामले में जा चुका है जेल
मामले की सूचना मिलते ही कई संगठनों के कार्यकर्ता लक्खीबाग चौकी पर पहुंच गए। कुछ संगठनों का आरोप था कि महताब पाकिस्तान का निवासी है। वह पहले भी एक युवती को एमएमएस का डर दिखाकर उत्पीड़न करने के आरोप में जेल जा चुका है।
इसी बीच बाइक से आए दो युवक हंगामा देखने लगे। मुखबिरी का शोर मचने पर भीड़ ने दोनों की पिटाई कर दी। पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें भगाया। उग्र लोगों ने चौकी के सामने जाम लगा दिया। इसी बीच महताब के समर्थन में एक पूर्व छात्र नेता आ गए। गरमागरमी के बीच युवकों ने उसके साथ धक्कामुक्की और अभद्रता कर दी, जिससे बखेड़ा हो गया।
इसी दौरान एसपी सिटी अजय सिंह पुलिस बल लेकर चौकी आ गए। दोनों पक्षों से बात कर कार्रवाई का भरोसा दिया। एसपी सिटी ने बताया कि मारपीट और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
महताब आदि के खिलाफ मुकदमा
त्यागी रोड पर हुई मारपीट और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने वकील सुशील नौटियाल की तरफ से महताब आदि के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
समर्थन में आए अन्य वकीलों ने भी पुलिस से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, पूर्व छात्र नेता की तरफ से भी अज्ञात के खिलाफ धक्कामुक्की और अभद्रता की शिकायत दर्ज कराई गई है।
एसपी सिटी ने बताया कि महताब पाकिस्तान का नागरिक बताया गया है। इसके खिलाफ 2013 में कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था, जो विचाराधीन है।