बैखौफ चोरः शराब पीते हुए चोरी करते हैं यहां चोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। अब दून में चोरों ने सरकारी वकील के बंद घर को निशाना बना लिया।
घर के बरामदे में लगा जाल काटकर बदमाश भीतर घुसे। चुराए गए नकदी और जेवरात की कीमत 7.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
राजेंद्र सिंह असवाल टिहरी में जिला शासकीय अधिवक्ता हैं। दून में पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के टी इस्टेट बंजारावाला में उनका घर है। यहां उनका छोटा बेटा गौरव असवाल रहता है।
गौरव भी अधिवक्ता हैं और दून कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। असवाल का बड़ा बेटा सेना में कैप्टन है और पुणे में तैनात है। रविवार को गौरव अपनी गर्भवती भाभी को मिलिट्री हास्पिटल में भर्ती कराने दिल्ली गया था। घर पर ताला लगा था।
आलमारी और सारे सूटकेस तोड़ दिए
रविवार रात बदमाश दीवार फांदकर भीतर घुस गए। बरामदे में छत से फर्श तक सरियों का जाल लगा था, दरवाजा भी इस जाल के बीच है।
चोरों ने इस जाल को काट दिया और कमरों में दाखिल हो गए। घर के तीनों कमरों में आलमारी और सारे सूटकेस तोड़ दिए गए।
रविवार सुबह पड़ोसियों ने असवाल के घर का जाल उखड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने निरीक्षण के बाद फिंगर प्रिंट उठा लिए। दोपहर बाद गौरव दून लौट आए।
पुलिस को बताया कि चोर घर से करीब साढे़ आठ हजार रुपये नकद, दो डायमंड रिंग, एक सोने की नथ, चेन, दो जोड़ी हाथ के कडे़, डायमंड नेकलेस समेत कुल 7.5 लाख का सामान चुरा ले गए।
चोरों ने पूरी वारदात बड़ी तसल्ली से की। माना जा रहा है कि रविवार रात तेज बारिश के चलते उन्हें आसपास आवाज जाने की चिंता नहीं रही होगी।
फुर्सत में की चोरी, पी शराब
हर कमरे में रखा एक-एक सामान खंगाला गया। यही नहीं, चोरी के दौरान बदमाश शराब भी पीते रहे। पुलिस को घर में छोड़ी गई आधी शराब की बोतल मिली।
दरवाजा नहीं तोड़ सके
असवाल के घर में कमरों में घुसने के लिए दरवाजा छत से जुड़े जाल में ही बनाया गया है। यह दरवाजा काफी मजबूत है। दरवाजे पर बने निशान बता रहे थे कि चोरों ने इसे तोड़ने की काफी देर तक कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर उन्होंने सरियों के जाल को ही तोड़ डाला।
तीसरे अधिवक्ता बने निशाना
असवाल राजधानी में चोरों का निशाना बने तीसरे अधिवक्ता हैं। इससे पहले नौ जुलाई को दिनदहाड़े पटेलनगर क्षेत्र के ही विद्या विहार फेज दो में अधिवक्ता राजेश कुमार कंडोल के घर चोरी हुई थी। चोर यहां से 40 हजार नकद और एक लाख का सामान उड़ा ले गए थे।
नौ जुलाई को ही डालनवाला कोतवाली के रामबाग में अधिवक्ता गौरव अग्रवाल के बंद मकान से एक्वागार्ड, नल आदि सामान चुराने का मामला सामने आया था। अग्रवाल के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में चार बदमाशों की तस्वीर कैद मिली थी, लेकिन पुलिस अब तक इन्हें तलाश नहीं सकी है।
(नोटः इस खबर से संबंधित किसी भी सुझाव या सवाल के लिए मेल आईडी-rakeshk@mrt.amarujala.com और इस नंबर-9675501486 पर संपर्क कर सकते हैं।)