रेप पीड़ित किशोरी ने जहर खाकर दी जान, बंधक बनाकर लूटी गई थी अस्मत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के एक गांव की रेप की शिकार किशोरी ने जहरीला खाकर जान दे दी। किशोरी ने आत्महत्या क्यों की इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पिछले महीने 27 अक्तूबर को पथरी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को बंधक बनाकर रेप करने का मामला सामने आया था।
परिजनों का आरोप था कि पड़ोस में किराये पर रहने वाले मंगलौर के एक युवक ने बंधक बनाकर उनकी बेटी के साथ रेप किया। मकान मालिक पर भी आरोपी का सहयोग करने का आरोप लगा था।
किशोरी ने आरोपी को दी थी क्लीन चिट
28 अक्तूबर को पुलिस ने परिजन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक और मकान मालिक को गिरफ्तार किया था। किशोरी के बयान भी कोर्ट में दर्ज कराए थे।
अपने बयान में किशोरी ने आरोपी युवक और मकान मालिक को क्लीन चिट दी थी। कोर्ट के समक्ष कहा था कि वह खुद अपनी मर्जी से ही किरायेदार के कमरे में गई थी। पुलिस की विवेचना अभी लंबित ही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम किशोरी ने जहरीले पदार्थ खा लिया। परिजन उसे जौलीग्रांट अस्पताल ले गए। शनिवार की देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
रविवार को डोईवाला पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंपा। पुलिस की प्रांरभिक पूछताछ में परिजनों ने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई है। लेकिन आत्महत्या क्यों की इस सवाल का जवाब नहीं दिया।
एसपी देहात परमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। किशोरी ने जान क्यों दे दी इस बिंदु पर ही पुलिस जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।