वो गिड़गिड़ाता रहा, सिपाही पीटता रहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होटल के बार में हंगामा रोकने गए पुलिस कर्मी को जब नशे में धुत युवकों ने पीट दिया तो अपना गुस्सा निर्दोष युवक पर उतारा। पुलिस कर्मी ने सड़क पर खड़े एक युवक को घटना में शामिल होने आरोप लगाते हुए कोतवाली में लाकर जमकर पीटा।
बुधवार को युवक के परिजन और अन्य लोग थाने पहुंचे और हंगामा काटा। शिकायत पर एसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।
मंगलवार रात पुलिस कर्मी की पिटाई के बाद फरार हुए दो युवक डिग्री कॉलेज की रोड की ओर भागे। इस दौरान वहां एक मेडिकल की शॉप के बाहर खड़े युवक जगदीप सिंह रावत निवासी अपर कालाबड़ को पुलिस बाइक पर बिठाकर कोतवाली ले आए।
जगदीप उनके सामने गिड़गिड़ाता रहा कि वह किसी घटनाक्रम में शामिल नहीं था। वह मेडिकल शॉप चलाता है और दुकान के बाहर खड़ा था लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। कोतवाली में जमकर उसकी पिटाई कर दी।
एसपी ने सिपाही को किया लाइन हाजिर
पिटाई करने वाला पुलिस कर्मी राकेश पंवार था, जिसे कुछ देर पहले नशे में धुत युवकों ने पीटा था। रात को ही मोहल्ले के लोग और परिजन कोतवाली पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम पर एतराज जताया।
परिजनों ने कहा कि पुलिस को अपराधी और निर्दोष की भी पहचान नहीं है। सिपाही की पिटाई की खुन्नस किसी निर्दोष पर निकालना ठीक नहीं। होटल कर्मियों और गिरफ्तार दो युवकों ने भी जगदीप का घटना को कोई संबंध न होना बताया।
इसके बाद पुलिस को अपनी गलती का अहसास हुआ, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बुधवार सुबह घायल युवक जगदीप के परिजनों के संग अपर कालाबड़ की दर्जनों महिलाओं ने कोतवाली में हंगामा काटा और घायल युवक की ओर से तहरीर पुलिस को दी। कोतवाल प्रमोद शाह ने महिलाओं को बताया कि सिपाही को एसपी के आदेश पर लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके बाद ही महिलाएं शांत हुई।