नौ साल की मासूम की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या, पहले चाकू से काटा गला फिर...
मंगलौर में नौ साल की मासूम की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। कातिल मासूम को पहले अपने साथ ले गया। इसके बाद पहले लड़की का गला काट डाला। इसके बाद वह उसे छत पर ही धक्का देकर भाग गया।
गदरजुड्डा में नौ वर्ष की बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। परिजन किसी रंजिश से इंकार कर रहे हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गदरजुड्डा गांव निवासी इनाम की नौ वर्षीय बेटी मुस्कान शनिवार सुबह करीब दस बजे घर के बाहर खेल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी बीच वह लापता हो गई।
करीब एक घंटे बाद उसकी बड़ी बहन छत पर कपड़े सुखाने पहुंची तो मुस्कान का शव पड़ा देख चिल्ला पड़ी। इसकी आवाज सुनकर अन्य परिजन भी छत की और दौड़ पड़े। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बच्ची का गला रेतकर हत्या की गई थी। सूचना पर पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पूछताछ में बच्ची के पिता इनाम से घटना की जानकारी ली। इनाम ने पुलिस को बताया कि उसकी और उसके परिवार की किसी से रंजिश नहीं है। उसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन घटना का सुराग नहीं लग पाया।
शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि इनाम के पास चार बेटियां हैं। उनमें से मुस्कान सबसे छोटी है। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि बच्ची की हत्या गला रेतकर की गई है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने मौका मुआयना कर जल्द वारदात के खुलासे का परिजनों को आश्वासन दिया है।