रूह कंपा देगी बलात्कारी से प्यार की ऐसी सजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के रामनगर और पिथौरागढ़ में विश्वासघात के दो ऐसे मामले सामने आए, जिसे सुनने के बाद हर कोई सन्न रहा गया। रामनगर में एक युवक ने युवती का गला रेत दिया। युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बता दें कि करीब एक साल पहले बबलू पर इसी युवती के रेप का मुकदमा दर्ज था, लेकिन बाद में दोनों में समझौता हो गया था। वीरपुर लच्छी-2 निवासी पूजा (22) का बाजपुर निवासी बबलू से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के घर वाले इसके खिलाफ थे।
दोनों की फोन पर बातचीत भी होती थी। शनिवार को बबलू ने युवती को फोन कर पांच बजे जंगल में बुलाया। युवती शाम साढ़े सात बजे उससे मिलने जंगल पहुंची। पीछे-पीछे युवती की छोटी बहन भी वहां पहुंच गई। करीब दो मिनट ही दोनों की बातचीत हुई थी कि बबलू ने चाकू से युवती का गला रेत दिया और फरार हो गया।
घटना की चश्मदीद युवती की छोटी बहन ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया जा रहा है।
धोखेबाज पती ने उड़ाया पत्नी का भेजा
वहीं पिथौरागढ़ में पुलिस कर्मी ने शनिवार रात गोली मारकर पत्नी का भेजा उड़ा दिया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी के एक महिला से अवैध संबंध होने की जानकारी होने पर पत्नी का उससे रोजाना झगड़ा होता था।
कमरे की हालत देखकर लग रहा था कि हत्याकांड से पहले दोनों में मारपीट हुई होगी क्योंकि घर का सामान बिखरा हुआ था तथा दीवारों पर खून के छींटे पड़े थे। पुलिस के मुताबिक पुलिस लाइन में फालोअर (कुक) के पद पर कार्यरत खड़क सिंह मेहता (46) रात करीब 8.00 बजे नशे में धुत्त होकर ऐंचोली चंद्रभागा स्थित किराए के कमरे में पहुंचा।
कमरे में उस वक्त पत्नी हेमा (42), बेटा सोनू (17) और मोनू (15) मौजूद थे। कमरे में आते ही उसने बंदूक निकाली और दो गोलियां दागकर पत्नी का भेजा उड़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बंदूक मौके पर छोड़कर अर्धनग्न हालत में भाग गया।
बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी हरीश सती, कोतवाल जीपी बौंठियाल और दाड़िमखोला से मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंच गए। आरोपी पुलिसकर्मी मूल रूप से बड़ावे का रहने वाला है। उनकी शादी को करीब 17 साल हो गए हैं।
अक्सर मारपीट करता था खड़क सिंह
मृतका के पिता प्रह्लाद सिंह ने बताया कि उसकी बेटी के साथ खड़क सिंह अक्सर मारपीट करता था। चार साल पहले भी उसने हेमा से मारपीट की थी। तब मामला कोतवाली पहुंचा था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रह्लाद सिंह का कहना है कि यदि पुलिस ने उसी समय खड़क सिंह के खिलाफ कार्रवाई की होती तो आज उनकी बेटी की जान नहीं जाती।
वह रोज नशे में घर आता था। आसपास के लोगों का भी कहना है कि खड़क सिंह अक्सर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। यह भी चर्चा है कि उसके एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे। पत्नी को इन संबंधों की जानकारी थी।