माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी के हत्यारे कुख्यात सुनील राठी के 15 शूटर पुलिस के रडार पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में गोली मारकर हत्या करने के बाद अपराध की दुनिया में कई राज्यों में अपना कद बढ़ाने वाले कुख्यात सुनील राठी (जेल का नाम पंडितजी) के शूटर और गुर्गे पुलिस के रडार पर आ गए हैं।
जांच में भी यह साफ हुआ है कि कुख्यात राठी के विश्वासपात्र 15 शूटर और गुर्गे अभी भी उत्तराखंड व यूपी में फैले हुए हैं और उसके अपराध जगत के कारोबार को चला रहे हैं। पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो यूपी पुलिस को कुख्यात राठी के बागपत जेल में रहते हुए फोन पर उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में की गई बातचीत के कई अहम सबूत मिले हैं।
पूर्वांचल के माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या कर अपराध की दुनिया में कुख्यात सुनील राठी का नाम टॉप लिस्ट में आ गया है। उत्तराखंड, वेस्ट यूपी, दिल्ली और हरियाणा के बाद अब कुख्यात का नाम यूपी के पूर्वांचल में खौफ पैदा कर रहा है। ये बात जगजाहिर थी कि कुख्यात राठी जेल से ही अपना नेटवर्क चलाता है। मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद ये बात पूरी तरह से साफ हो गई है कि राठी जिस जेल में जाता है, वहां उसका राज चलता है।
मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद यूपी व उत्तराखंड पुलिस ने राठी के शूटरों व गुर्गों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो बागपत जेल में रहते हुए कुख्यात राठी फोन पर उत्तराखंड व यूपी में सक्रिय अपने गुर्गों व शूटरों से संपर्क में था।
सूत्रों की मानें तो पुलिस ने कुख्यात राठी के उत्तराखंड और यूपी में सक्रिय खासमखास 15 शूटरों और गुर्गों की लिस्ट तैयार की है। इन पर सर्विलांस के जरिए नजर रखी जा रही है। पता चल रहा है कि राठी के ये गुर्गे और शूटर मुन्ना बजरंगी की हत्या से पूर्व उसके संपर्क में थे और उसके द्वारा दिए गए आदेश को अंजाम तक पहुंचा रहे थे। सूत्रों का कहना है कि इस वक्त ये भूमिगत हैं और वे मोबाइल पर भी एक-दूसरे से संपर्क भी कम रख रहे हैं।
चीनू के साथियों पर भी नजर
पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो कुख्यात राठी के साथ-साथ रुड़की जेल में बंद कुख्यात चीनू पंडित के साथियों पर भी खुफिया विभाग और पुलिस प्रशासन सर्विलांस के जरिए नजर गड़ाए है। चीनू से जेल में मिलने वाले हर शख्स पर खुफिया व पुलिस की पैनी नजर है। चीनू से मिलने के बाद ये लोग किससे और कैसे संपर्क करते हैं। इस पर पुलिस व खुफिया विभाग पैनी नजर बनाए हुए है।
रोबिन खोखर के हाथों में है कमान!
रुड़की जेल के बाहर हुई गैंगवार में राठी के खास शूटर सचिन खोखर व उसका भाई रोबिन खोखर शामिल था। सचिन खोखर वर्तमान में पौड़ी जेल में बंद है, जबकि रोबिन अभी फरार चल रहा है। पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो वर्तमान में कुख्यात राठी के अधिकतर शूटर उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा व दिल्ली की जेल में बंद हैं। सूत्रों की मानें तो इन सबके जेल में बंद होने पर राठी के सारे काम की कमान फरार चल रहे दो लाख के इनामी रोबिन खोखर के हाथों में है।
पांच गैंग पुलिस की हिट लिस्ट में
पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद कुख्यात सुनील राठी के संपर्क में रहने वाले पांच गैंग उत्तराखंड व यूपी पुलिस के हिट लिस्ट में हैं। एक सप्ताह पूर्व पुलिस अधिकारियों ने इन गैंग के सदस्यों की नई सिरे से लिस्ट तैयार की है। ये जानकारी भी जुटाई जा रही है कि कौन इस समय जेल में बंद हैं और कौन फरार चल रहे हैं।
कुख्यातों को लेकर कई स्तरों पर गोपनीय तरीके से जांच-पड़ताल चलती रहती है। किसी भी स्तर पर बदमाशों की सक्रियता का पता चलता है तो उन्हें रडार पर लिया जाता है। पूर्व में भी मंगलौर में एक वकील की हत्या करने आए बदमाशों को पुलिस ने इसी तरह की सूचनाओं के आधार पर दबोचा था।
- अशोक कुमार, एडीजी, लॉ एंड ऑर्डर