छात्रा रेप-हत्याकांडः पहली बार गांव पहुंची सीबीआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की के पथरी क्षेत्र में छात्रा से रेप और हत्या के मामले में मंगलवार को पहली बार सीबीआई की टीम गांव पहुंची। बहुचर्चित मामले में सीबीआई टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वहीं परिजनों से भी मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी ली। स्थानीय पुलिस से भी सीबीआई ने आवश्यक जानकारी जुटाई।
बीते वर्ष सात जनवरी को एक आवासीय विद्यालय में पढ़ रही सातवीं की छात्रा की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी जब वो घर के पीछे खेत में शौच के लिए गई थी। घटना के वक्त छात्रा छुट्टियों में घर आई हुई थी।
सूबे की एसटीएफ, एसओजी से लेकर स्थानीय पुलिस तक बहुचर्चित हत्याकांड का पटाक्षेप करने मे नाकाम रही। इसके बाद कांग्रेस सरकार ने छात्रा हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंप दी है।
घटनास्थल पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
कुछ दिन पूर्व सीबीआई की लखनऊ शाखा ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर हत्याकांड से जुडे़ दस्तावेज कब्जे में लिए थे और पिछले सप्ताह ही केस दर्ज कर लिया था। केस दर्ज कर लेने के बाद पहली बार सीबीआई की टीम ने गांव का रुख किया। सात सदस्यीय टीम ने सबसे पहले एसओ पथरी अमर जीत सिंह से मुलाकात की।
सीबीआई की टीम ने फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। यहां से सीबीआई टीम सीधे छात्रा के घर पहुंची। पुलिस की सूत्रों की मानें तो सीबीआई ने परिजनों से कई सवाल जवाब किए। करीब दो घंटे तक पूछताछ के बाद टीम वापस चली गई।
अब इंसाफ की उम्मीद: पिता
छात्रा के पिता ने अब इंसाफ मिलने की उम्मीद जताई है। अमर उजाला से बातचीत में पेशे से दिहाड़ी मजदूर पिता ने कहा कि एक साल से हर रोज लाडली के लिए इंसाफ की दुआ करते हैं। अब उम्मीद है कि सीबीआई उनकी बेटी के कातिल को जरूर पकड़ लेगी। सीबीआई ने किन बिंदुओं पर पूछताछ की, इस पर जानकारी से पिता ने इनकार कर दिया।