चीन से 4 करोड़ रुपये का सोना भारत ला रहे थे ये दोनों, ये हुआ अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्व आसूचना निदेशालय और केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क की संयुक्त छापेमारी में भूटान की महिला समेत दो लोगों को सोमवार को 12 किलो सोने के बिस्किट के साथ गिरफ्तार किया गया। ये सोना चीन से तस्करी कर भारत लाया जा रहा था। दोनों होंडा सिटी कार से आए थे। गोपनीय स्थान पर दोनों से घंटों पूछताछ की गई। बरामद सोने की कीमत चार करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
सहायक आयुक्त सीजीएसटी एचपी पांडे, डीआरआई के वरिष्ठ अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह, दीपक कुमार श्रीवास्वत, अनिरुद्ध सिंह, मोनिका पंत आदि ने काठगोदाम में दोनों की कार को घेरकर धर दबोचा। पकड़े गए लोगों में पिथौरागढ़ जिले के बूंदी धारचूला निवासी नरेश रायपा (30) पुत्र काशी सिंह रायपा और भूटान के भिम्पू की रहने वाली लापजेंग वांगमो (35) पत्नी सोटो वांगमो शामिल हैं।
तलाशी के दौरान कार से एक-एक किलोग्राम के 12 सोने के बिस्किट बरामद किए गए। पूछताछ के बाद टीम दोनों को बेस अस्पताल में मेडिकल मुआयना के लिए आई। यहां मेडिकल डॉ. सीपी पाठक ने किया। देर शाम दोनों को नैनीताल कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया। जहां सोमवार रात साढ़े नौ बजे सीजेएम नंदन सिंह राणा की कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद पुलिस दोनों को मल्लीताल कोतवाली ले आई। पुलिस को कहना है कि दोनों के तार अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
पिस्टल निकालने पर डर गया गार्ड
राजस्व आसूचना विभाग (डीआरआई) की टीम अभियुक्तों को लेकर जब बेस अस्पताल पहुंची तो अस्पताल के गार्ड प्रेम ने गाड़ी लाइन में लगाने का अनुरोध किया। इस बीच टीम के सदस्यों ने पिस्टल निकाल ली और कहा कि सरकारी काम में बाधा न डालो। गार्ड पिस्टल को देखकर डर गया। टीम सदस्यों ने डॉक्टर को अपना परिचय देने के बाद अभियुक्तों का मेडिकल मुआयना कराया।
सोशल साइट पर छापामारी की खबर वायरल हुई तो जिला प्रशासन, पुलिस, कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के फोन घनघनाने शुरू हो गए। हर कोई टीम की टोह लेने में जुट गया लेकिन देर शाम तक किसी को यह पता नहीं चल सका कि छापामारी की टीम किस विभाग की है, कहां से आई है।