आईआरबी का सिपाही निकला हत्यारोपी, बेड में डाल दी थी लाश
होटल में साथी की हत्या कर फरार हुए दो आरोपियों में एक आईआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) प्रथम रामनगर नैनीताल का सिपाही कौशल किशोर निकला। पुलिस ने यूपी पुलिस की मदद से मृतक की शिनाख्त मनीष तिवारी निवासी गोहान गांव, हमीरपुर उत्तर प्रदेश के रूप में की है। तीनों आरोपी हमीरपुर से एक बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस का मानना है कि आईआरबी का सिपाही कौशल और तीसरे साथी बदरी ने ठिकाने की सूचना लीक करने के शक में मनीष की हत्या की है।
हरिद्वार शिवमूर्ति गली स्थित होटल सुनीता में मंगलवार को एक युवक का शव बेड के अंदर से बरामद हुआ था। होटल मालिक ने पुलिस को बताया था कि तीन दिन पहले एक सिपाही अपने दोनों दोस्तों के साथ कमरे में ठहरा था।
सिपाही ने अपना नाम सागर बताते हुए आईडी भी जमा कराई थी। पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित करने की शुरूआत आईडी से ही की। पड़ताल में आईडी पर नाम पता फर्जी पाया गया।
साथी पर था मुखबिरी कर देने का शक, मार डाला
मृतक की फोटो के आधार पर हमीरपुर पुलिस ने उसकी शिनाख्त मनीष तिवारी पुत्र प्रेम नारायण निवासी गांव गोहान हमीरपुर के रूप में की। साथ ही यह भी बताया कि आईआरबी प्रथम का सिपाही कौशल किशोर निवासी हमीरपुर और तीसरा साथी बदरी निवासी झरिया गांव हमीरपुर के खिलाफ बीते 17 अगस्त को एक बच्चे के अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज है।
इसके बाद से तीनों फरार चल रहे हैं। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए तीनों यहां होटल में ठहरे होंगे। पुलिस मानकर चल रही है कि कौशल और बदरी को मनीष पर शक रहा होगा कि वह उनके यहां छिपे होने की सूचना यूपी पुलिस को दे सकता है।
इसी बात पर उन्होंने पूरी प्लानिंग करते हुए उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो गई है। आईआरबी प्रथम का सिपाही भी फरार आरोपियों में शामिल है। तीनों लोग हमीरपुर में अपहरण व हत्या के मामले में फरार चल रहे थे।