रुड़की: एक ही रात में परिवहन निगम के एजीएम समेत पांच लोगों से लूट, इस तरह से बनाया शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाहनों की चेकिंग कर देहरादून लौट रहे उत्तराखंड परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक, विभाग के दो अधिकारियों से हथियारबंद बदमाशों ने लखनौता-झबरेड़ा संपर्क मार्ग पर रोड होल्ड अप कर लूटपाट कर दी।
कार से देहरादून जा रहे दंपति को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा। उसके बाद दो मोटरसाइकिलों से बदमाश फरार हो गए। तीनों अधिकारी चौकी पर सूचना देने पहुंचे, लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। डीआईजी ने घटनास्थल का दौरा कर लापरवाही बरतने पर दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन, अपने विभाग के सहायक यातायात निरीक्षक राजवीर सिंह और संजीव कुमार के साथ बुधवार तड़के ढाई बजे गुरुकुल-पुहाना बाईपास होते हुए कार से देहरादून लौट रहे थे। उनकी कार शेरपुर तिराहे के पास पहुंची ही थी कि सड़क के बीचोंबीच पेड़ पड़ा होने से चालक ने कार रोक दी।
तभी दो युवक उनके पास पहुंचे और बोले, आगे लूटपाट हो रही है, आप लोग इधर से न जाएं। चालक गाड़ी मोड़ ही रहा था कि तभी चार नकाबपोश बदमाशों ने कार को घेर लिया। इससे पहले तीनों अफसर कुछ समझ पाते बदमाशों ने तीनों की कनपटी पर रिवाल्वर तान दी।
उसके बाद एजीएम का पर्स, ढाई हजार रुपये, रामवीर सिंह से सात हजार रुपये और संजीव कुमार से चार हजार रुपये लूट लिए। साथ ही शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच पीछे से देहरादून निवासी कार सवार प्रकाश चंद्र अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंच गए। बदमाशों ने इनसे मोबाइल और आठ हजार रुपये लूट लिए और दो बाइकों से फरार हो गए।
घटना से सहमे सहायक महाप्रबंधक अधिकारियों के साथ डेढ़ किमी दूर पुलिस चौकी पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। उन्होंने 100 नंबर डायल कर वारदात की जानकारी दी। आनन-फानन में सीओ मंगलौर, थानाध्यक्ष झबरेड़ा समेत कई थानों की पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चला।
डीआईजी पुष्पक ज्योति ने घटनास्थल का दौरा कर घटना की जानकारी ली। साथ ही चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी के अनुपस्थित रहने पर निलंबित कर दिया। सहायक महाप्रबंधक और प्रकाश चंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।