शादी के बाद पत्नी से निभी नहीं तो पति ने लगाए शर्मनाक आरोप
देहरादून के रहने वाले एक युवक की अपनी पत्नी से बनी नहीं तो उसने उसपर सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगा दिया।
इतना ही नहीं बल्कि आरोप लगाया कि उसकी पत्नी आपत्तिजनक फिल्म बनाकर अमीरों को जाल में फंसाकर धन ऐंठती है। डीजीपी के निर्देश पर जब एसओजी ने जांच की तो मामला पारिवारिक विवाद का निकलकर सामने आया।
हरिद्वार में ज्वालापुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती का विवाह देहरादून के एक युवक से हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच खटपट हो गई। पत्नी मायके चली आई। महिला हेल्प लाइन का दरवाजा खटखटाया। अभी काउंसिलिंग चल ही रही है।
पत्नी को बुलाया तो पूरे मामले की हकीकत सामने आई
इसी बीच उसके पति ने डीजीपी को पत्र लिखा। पत्र में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी सेक्स रैकेट चलाती है। अमीरों की आपत्तिजनक फिल्म बनाकर उनसे धन ऐंठती है। पति ने मांग कि की उसकी पत्नी के मोबाइल फोन नंबरों की जांच होना बेहद आवश्यक है।
डीजीपी ने एसओजी हरिद्वार को जांच भेज दी। एसओजी ने जब उसकी पत्नी को बुलाया तो पूरे मामले की हकीकत सामने आई।
पता चला कि दंपति के बीच शादी के कुछ दिन बाद ही खटास पैदा हो गई। नगर पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बताया कि जांच के बाद सामने आई हकीकत की रिपोर्ट डीजीपी को भेज दी जाएगी। पति के आरोप गलत पाए गए हैं।