पुलिस की आंखों में मिर्ची झोंक साथी को छुड़ाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार को सुबह सवा सात बजे स्कॉर्पियो में सवार बदमाश फिल्मी स्टाइल में देहरादून से पुलिस अभिरक्षा में बागपत कोर्ट में पेशी पर लाए जा रहे कुख्यात अपराधी अमित उर्फ भूरा को हथकड़ी समेत छुड़ाकर ले गए।
बड़ौत रोड पर स्थित क्रिस्तु ज्योति स्कूल के ठीक सामने बदमाशों ने पुलिस वालों की आंखों में मिची स्प्रे डाला और नाइन एमएम पिस्टल से आठ राउंड फायर भी किए। बदमाश भूरा को छुड़ाने के साथ ही देहरादून के पांच पुलिस वालों से दो एके-47, एक एसएलआर और एके-47 की दो मैगजीन (60 कारतूस) लूटकर ले गए।
उत्तराखंड की टिहरी जेल में बंद बागपत के टीकरी कस्बा निवासी सुनील राठी गैंग के सदस्य भूरा पर रुड़की के चर्चित तिहरे हत्याकांड समेत 25 केस दर्ज हैं। देहरादून पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल गंगाराम, कांस्टेबल इलम चंद, धर्मेंद्र, प्रदीप और रविंद्र रविवार को शाम सात बजे कुख्यात अपराधी अमित उर्फ भूरा को देहरादून जेल से देहरादून-अमृतसर एक्सप्रेस से लेकर चले थे। टीम रात 12 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
थ्री व्हीलर से लेकर कोर्ट पहुंची पुलिस
टीम सोमवार को सुबह 3.15 बजे पैसेंजर ट्रेन से बागपत के लिए चली। बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी स्टेशन से सुबह सात बजे टीम भूरा को लेकर थ्री व्हीलर से लेकर कोर्ट चली। भूरा की सीजेएम कोर्ट में सिलाना की प्रधान के पति धीरज की हत्या में पेशी थी। रास्ते में दो बदमाश सवारी बनकर थ्री व्हीलर में बैठ गए।
जैसे ही थ्री व्हीलर क्रिस्तु ज्योति स्कूल के सामने पहुंचा तो सफेद रंग की स्कॉर्पियो उसके सामने आकर खड़ी हो गई। थ्री व्हीलर चालक ने जैसे ही ब्रेक लगाए, स्कॉर्पियो में अंदर बैठे बदमाशों ने चिली स्प्रे चला दिया। तुरंत ही स्कॉर्पियो से निकले बदमाशों ने पिस्टल से आठ राउंड फायर कर दिए।
इसके बाद बदमाशों ने पहले अमित उर्फ भूरा को छुड़ाया। पुलिस वाले पीठ दिखाकर भागने लगे, तो उनसे असलाह लूट लिए। सिर्फ एक सिपाही रविंद्र की एसएलआर बची, लेकिन वह गोली नहीं चला पाया। पुलिस वाले खेतों में भाग गए। बदमाश स्कॉर्पियो से बड़ौत की ओर चले गए।
क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की 12 टीमें लगाई
मौका ए वारदात पर पहुंचे आईजी आलोक शर्मा ने घटना के पीछे देहरादून पुलिस की घोर लापरवाही बताई। उन्होंने पूरे जोन में चेकिंग कराने के साथ बदमाशों की तलाश में एसटीएफ और क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की 12 टीमें लगाई हैं।
गढ़वाल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) टीम के साथ बागपत जिले में डेरा डाले हैं। यूपी और उत्तराखंड पुलिस के संयुक्त आपरेशन में कई टीमें दिल्ली और हरियाणा भेजी गई हैं।
पांच निलंबित, एसएसपी का तबादला
भूरा की फरारी की गाज देहरादून पुलिस के पांच लापरवाह कर्मचारियों पर गिरी है। उसे अभिरक्षा में लेकर गए सहायक दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। दून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय रौतेला का तबादला भी फरारी से जोड़कर देखा जा रहा है। भूरा की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। डीआईजी संजय गुंज्याल भी एसटीएफ और एसओजी टीम के साथ बागपत पहुंच गए। देर शाम तक यूपी और उत्तराखंड पुलिस भूरा की तलाश में दबिश दे रही थी।