रुड़की: छेड़खानी पर दो समुदायों में भीषण संघर्ष, एक की मौत, 24 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में छात्रा से छेड़छाड़ के बाद बवाल हो गया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जिसमें करीब 24 लोग घायल हो गए। बवाल और आगजनी की सूचना पर आस पास के थानों से भी पुलिस गांव पहुंची और बमुश्किल बवाल शांत कराया।
एसएसपी समेत आला अफसरों ने गांव का दौरा किया। तनाव के मद्देजन गांव में पुलिस व पीएसी तैनात की गई है। बवाल की चिंगारी कई दिन से सुलगने के चलते भगवानपुर पुलिस की लापरवाही सामने आई है। देर शाम नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में बवाल के मामले में एक पक्ष के सतपाल की ओर से पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
दोनों पक्षों में आमने-सामने पथराव, फायरिंग
भगवानपुर से करीब छह किलोमीटर दूर नन्हेड़ा अनंतपुर में हफ्ते भर पहले एक छात्रा से छेड़छाड़ होने पर दो पक्षों में विवाद हो गया था। जिसका ग्राम प्रधान समेत जिम्मेदार लोगों ने समझौता करा दिया था। शुक्रवार शाम दोनों पक्षों में फिर तनातनी हो गई। इस बार भी ग्रामीणों ने अपने स्तर से मामला सुलझा लिया।
मगर शनिवार की सुबह फिर से मारपीट हो गई। इस बार दूसरे पक्ष ने छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगाया और विपक्षियों के घरों पर धावा बोल दिया। लाठी डंडे और पथराव के अलावा दोनों तरफ से गोलियां भी चली। घर में घुसकर सामान में आग भी लगा दी गई। बवाल की खबर पर भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
डॉक्टरों ने 30 वर्षीय सोनू उर्फ सुबलेश्वर पुत्र बालेश्वर को मृत घोषित कर दिया। दोनों पक्षों समेत कुछ ग्रामीण भी गोली के छर्रे और पत्थरबाजी में घायल हुए। गंभीर घायल राहुल व मोनू उर्फ आर्यन को रुड़की से हायर सेंटर रेफर करना पड़ा।
एसएसपी ने किया दौरा, गांव में पीएसी तैनात
गांव में अलग अलग जातियों से जुड़े दो पक्षों के बीच बवाल की खबर पर एसपी देहात प्रमेन्द्र डोबाल, एएसपी लोकेश्वर सिंह, सीओ प्रताप सिंह चौहान आस पास के थानों की पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे।
एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने भी गांव का दौरा कर अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।
देर शाम नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में बवाल के मामले में एक पक्ष के सतपाल की ओर से प्रिंस त्यागी, सन्नी त्यागी, अंबरीश, संदीप व गोलू के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, बलवा और जाति सूचक शब्द बोलने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। सीओ प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।