हरिद्वार: दिन-दहाड़े तीन बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर उतारा मौत के घाट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंडेट गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर की कार सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए कार से मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में परिजन प्रॉपर्टी डीलर को सिविल अस्पताल रुड़की लेकर पहुंचे।
जहां चिकित्सकों ने प्रॉपर्टी डीलर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ समेत भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस अभी तक हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं कर पाई है। पुलिस इस मामले में कई लोगों से पूछताछ कर रही है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित मुंडेट गांव निवासी प्रदीप त्यागी प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह अपने घेर पर थे। इसी बीच कार सवार तीन युवक उनके घेर के बाहर पहुंचे। तीनों ने कार कुछ दूरी पर खड़ी कर दी और उनके पास पहुंचे।
युवकों ने उनसे खेती की जमीन खरीदने की बात कही। इस पर प्रदीप ने अपने चाचा सुरेश त्यागी को गांव के पास ही स्थित खेती की जमीन दिखाने के लिए युवकों के साथ भेज दिया। जमीन देखने के बाद युवक वापस प्रदीप के घेर पर आ गए। इस बीच तीनों युवकों ने तमंचे निकाल लिए।
तमंचे से प्रदीप पर फायर कर दी
एक बदमाश ने प्रदीप के चाचा सुरेश की कनपटी पर तमंचा रख दिया। जबकि दूसरे ने तमंचे से प्रदीप पर फायर कर दी। इस बीच बदमाशों ने तीन राउंड फायर किए। इसमें से एक गोली प्रदीप के सीने में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर जा गिरे।
इसके बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए कार से फरार हो गए। गोली की आवाज की सुनकर प्रदीप के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन प्रदीप को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ मंगलौर मनोज कत्याल, इंस्पेक्टर गिरीश चंद शर्मा समेत भारी पुलिस बल गांव पहुंचा।
एसपी देहात ने ग्रामीणों व मृतक के चाचा से घटनाक्रम की जानकारी ली, लेकिन हत्या के कारणों व बदमाशों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। हत्या के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मृतक का किसी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद तो नहीं चल रहा था इस एंगल से भी जांच की जा रही है। उधर, पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।