शर्मनाकः चलती बस में 'निर्भया' बनने से बची छात्रा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटना लगातार सामने आ रही हैं। हल्द्वानी में 'निर्भया' रेप कांड जैसा मामला होते-होते बच गया। रोडवेज बस से देहरादून जा रही लॉ की छात्रा के साथ शराबी मनचलों ने छेड़खानी की।
छात्रा की शिकायत के बावजूद चालक ने काशीपुर में बस नहीं रोकी। घटना के चलते सहमी छात्रा देहरादून में उतर गई। वहीं छात्रा की सूचना पर उसके वकील पिता ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
फतेहपुर निवासी वकील की पुत्री देहरादून स्थित एक यूनिवर्सिटी में लॉ की छात्रा है। रविवार रात छात्रा देहरादून जाने के लिए हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन से बस (यूके 07 टीए 1702) में सवार हुई।
उसके पीछे वाली सीटों पर चार अन्य मनचले बैठ गए। रुद्रपुर में बस रुकने पर मनचलों ने शराब खरीदी और बस में ही बैठकर पीने लगे। बस अभी काशीपुर पहुंची थी कि खुद को राजू पांडेय बताने वाले एक युवक ने छात्रा के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
छात्रा को दी जान से मारने की धमकी दी
छात्रा ने विरोध करते हुए चालक से बस रोकने को कहा, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। उल्टे चारों ने छात्रा को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
छात्रा ने बस से ही घटना की जानकारी अपने पिता को दी। पिता ने भी परिचालक को फोन कर थाने में सूचना देने का अनुरोध किया, लेकिन परिचालक ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। छात्रा का देहरादून में भी ननिहाल है।
सूचना मिलने पर छात्रा के मामा आईएसबीटी पहुंचे, लेकिन मनचले तब तक भाग निकले थे। छात्रा के वकील पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने शून्य क्राइम संख्या पर धारा 354 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना की जांच कर रहे एसआई सुभाष टम्टा ने घटना के बाबत चालक और परिचालक से फोन पर पूछताछ की। चालक का कहना था कि मनचले हरिद्वार में उतर गए थे। इधर, छात्रा का कहना है कि सिर्फ एक आरोपी रास्ते में उतरा था।
जांच अधिकारी का कहना है कि मुकदमा काशीपुर थाने के लिए ट्रांसफर किया जाएगा। क्योंकि घटनास्थल उसी थाना क्षेत्र का है।