कांग्रेसी नेता के पुत्र ने दोस्तों के साथ दंपति को लूटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में भेल के सेक्टर-तीन में भेलकर्मी एवं उसकी पत्नी को बंधक बनाकर जेवर-नकदी लूटने की घटना का पुलिस ने चंद घंटों में पर्दाफाश करते हुए एक कांग्रेसी नेता के पुत्र समेत तीन लुटेरों को धर दबोचा।
आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवर, नकदी, चाकू एवं एयर गन बरामद की। रविवार देर रात तक कोतवाली रानीपुर में कांग्रेसी नेताओं का जमावड़ा रहा।
रविवार देर रात भेलकर्मी अनिल कुमार ने रानीपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे उसके घर में घुस आए दो नकाबपोश बदमाशों ने चाकू की नोक पर उनकी पत्नी और उसे बंधक बनाकर जेवर-नकदी लूटकर फरार हो गए हैं। बदमाशों ने उसके गले पर चाकू से भी वार कर घायल कर दिया था।
पूरा सच उगल दिया
भेलकर्मी ने बताया कि घटना के वक्त उसके परिचित भेलकर्मी चंचल कुमार (निवासी दादूबाग, कनखल) का पुत्र अंकित भी मौजूद था। लुटेरों के डराने धमकाने पर अंकित ने ही उनके हाथ-पैर बांधे थे।
सिलसिलेवार घटना सुनने के बाद पुलिस हतप्रभ रह गई। उसके बाद पुलिस तुरंत दादूबाग पहुंची और अंकित को घर से उठाकर कोतवाली लेकर पहुंची। करीब एक घंटे तक चली पूछताछ के बाद आईटीआई पासआउट अंकित ने पूरा सच उगल दिया।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि अंकित ने अपने दोस्त तुषार (पुत्र विनोद ठाकुर निवासी सर्वप्रिय विहार) एवं राहुल चौधरी (पुत्र बलराज चौधरी निवासी पीरवाली गली आर्यनगर, ज्वालापुर) के साथ मिलकर लूट का ताना-बाना बुना था।
अंकित के पिता की मित्रता भेलकर्मी से थी। इसलिए तीनों ने पहले तय कर लिया था कि वारदात को आसानी से अंजाम देने के लिए अंकित पहले से घर में मौजूद रहेगा।
फफक-फफक कर रोए नेताजी
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी तुषार एवं राहुल को देर रात घर से गिरफ्तार कर लूटे गए जेवर एवं नकदी बरामद कर ली है।
कोतवाल के मुताबिक राहुल कोर कालेज में इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष का छात्र है और उसके पिता बलराज चौधरी कांग्रेस में सक्रिय हैं। तीसरा आरोपी चंडीदेवी मंदिर कैंपस में अपने पिता की प्रसाद की दुकान संभालता है और 12वीं पास है।
प्रदेश के आला कांग्रेस नेताओं के करीबी कांग्रेस नेता बलराज चौधरी पुत्र की लूट की घटना में गिरफ्तार होने पर कोतवाली में भावुक हो गए। कांग्रेसी नेता ने लाड प्यार अधिक करने पर पत्नी पर भी भड़ास निकाली।
चार दिन पूर्व बनाया था प्लान
लूट की वारदात का प्लान चार दिन पूर्व गढ़ा गया था। बकौल तुषार वह तीनों-चार दिन पूर्व हरिद्वार में एक होटल में ठहरे थे, तब अंकित ने अपने परिचित बुजुर्ग दंपति के घर में कई लाख की रकम हर समय होने की बात कही थी।
तय हुआ था कि वह पहले से ही उनके घर में मौजूद रहेगा तब लूटपाट का विरोध करने से वह दंपति को रोक लेगा। उन्हें उम्मीद थी कि घर में करीब पांच से दस लाख कैश होगा, पर इतना कैश नहीं निकला।
गर्लफ्रेंड से मिले लूटे जेवरात
लूटे गए जेवरात आरोपी तुषार ठाकुर ने अपनी गर्लफ्रेंड के पास रख दिए थे। देर रात जब पुलिस ने तुषार को हिरासत में लिया तब ये खुलासा हुआ। उसके बाद पुलिस टीम पहाड़ी बाजार कनखल में रहने वाली तुषार की गर्लफ्रेंड के घर पहुंची और जेवरात बरामद किए।
रुड़की के एक इंजीनियरिंग कालेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा के पिता भूटान में एक कंपनी में इंजीनियर हैं। सोमवार को कोतवाली पहुंची गर्लफ्रेंड को कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने जमकर खरी-खरी सुनाई।