नगरपालिका क्षेत्र विकासगनर में बुधवार को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत जनजागरूकता अभियान की शुरूआत हो गई। एक अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत लोगों को प्लास्टिक थैले का बहिष्कार करने के लिए जागरूक किया जाएगा। अभियान के तहत पहले दिन पालिका कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली।
नगर पालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा ने कहा कि स्वच्छ भारत निर्माण के लिए पॉलीथिन कचरे से मुक्ति जरूरी है। उन्होंने लोगों से पॉलीथिन की जगह कपड़े और जूट से बने थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की। कहा कि संकल्प लेकर ही पॉलीथिन थैले के इस्तेमाल को बंद किया जा सकता है। कहा कि पॉलीथिन मुक्त भारत का निर्माण करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक सपना है। जिसे जागरूकता से ही साकार किया जा सकता है।
अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य ने कहा कि अभियान के तहत अब एक अक्तूबर तक वॉर्ड में अभियान चला लोगों को पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिसके बाद तीन अक्तूबर से क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अभियान चला पॉलीथिन खरीदने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सभासद शम्मी प्रकाश, कृष्णा देवी, रवि, सुनील, प्रदीप, गीता, सुरेंद्र चौहान, तारा चंद आदि मौजूद रहे।