Covid-19 In Uttarakhand: एक ही दिन में 17 जवान मिले संक्रमित तो बढ़ी पीएम मोदी की टेंशन, सीएम से फोन पर जाना हाल
- पीएम ने सीएम से कहा, कोरोना पॉजिटिव सैनिकों का रखें ध्यान
- शनिवार को एक ही दिन में सेना के 17 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
- कोरोना संक्रमित मामले बढ़े, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में : मुख्यमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से फोन पर बात की और देहरादून में कोरोना पॉजिटिव मिले सैनिकों का खास ध्यान रखने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से कोरोना संक्रमित सैनिकों के बारे में जानकारी भी ली।
पीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमित सैनिकों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए। उन्होंने उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की। कहा कि राज्य सरकार और सेना के अधिकारी आपसी समन्वय बनाएं और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने पीएम को बताया कि सरकार सेना के अधिकारियों से लगातार संपर्क में है। उन्हें हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सीएम ने पीएम को राज्य में कोविड-19 की स्थिति की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव मामलों में वृद्धि हुई है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। राज्य में सर्विलांस और सैंपलिंग में काफी बढ़ोतरी की गई है। आईसीयू, वेंटिलेटर और आक्सीजन सपोर्ट की सुविधाएं भी लगातार बढ़ाई जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड में टूटा रिकॉर्ड, एक ही दिन में आए 239 मामले, 4500 पार पहुंची संक्रमितों की संख्या
बता दें कि शनिवार को एक ही दिन में सेना के 17 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। ये सभी जवान बाहर से आए थे और क्वारंटीन थे। अब तक सेना के 110 जवान संक्रमित हो चुके हैं। गत दिवस मुख्यमंत्री ने भी जवानों के कोरोना संक्रमित होने पर चिंता जाहिर की थी।
बरसात में आपदा प्रबंधन पर दें विशेष ध्यान: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से कहा कि बरसात को देखते हुए राज्य में आपदा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने भरोसा दिया कि केंद्र सरकार से आवश्यकतानुसार हर संभव सहयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि कोविड-19 और आपदा प्रबंधन की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
कोरोना संक्रमित मामले बढ़े, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में कुछ दिनों में कोरोना संक्रमित मामले बढ़े हैं। लेकिन, राज्य में कोरोना की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। सरकार का संक्रमण की रोकथाम के लिए सर्विलांस, टेस्टिंग, सैंपलिंग पर फोकस है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर सर्विलांस किया जा रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि किसी में कोरोना के लक्षण तो नहीं है।
विशेष रूप से बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों की जानकारी रखी जा रही है। उत्तरकाशी जिले में चार, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चमोली और टिहरी में तीन-तीन, बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर में दो-दो और पिथौरागढ़, देहरादून व हरिद्वार जिले में एक-एक राउंड का सर्विलांस किया जा चुका है।
प्रदेश में औसतन प्रतिदिन 2487 सैंपलों की जांच
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को सैंपलिंग और टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में टेस्टिंग सुविधा बढ़ने के साथ सैंपलिंग में लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में प्रतिदिन 2487 सैंपलों की जांच हो रही है। जबकि पिछले सप्ताह जांच का औसत 1660 सैंपल थी। चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, रुद्रप्रयाग जिले में सैंपलिंग राष्ट्रीय औसत से अधिक है। जिलाधिकारियों को निजी लैब से भी कोविड सैंपल जांच कराने को कहा गया है।