हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के बीच फिर पहुंची सीबीआई की टीम, कोतवाली से जुटाई जानकारी
पिछले साल दिसंबर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कई दावे करते हुए वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। इनमें कथित वीआईपी का जिक्र होने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी।
विस्तार
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण की जांच के बीच सीबीआई की टीम बुधवार को एक बार फिर हरिद्वार पहुंची। टीम ने रानीपुर कोतवाली पहुंचकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हाल ही में दर्ज प्राथमिकी से संबंधित दस्तावेज का अवलोकन किया और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। आवश्यक जानकारी लेने के बाद टीम दिल्ली लौट गई।
पिछले साल दिसंबर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कई दावे करते हुए वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। इनमें कथित वीआईपी का जिक्र होने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी। इस प्रकरण में उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ बहादराबाद, झबरेड़ा और देहरादून में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज हुई थीं।
वहीं, वर्ष 2024 में सुरेश राठौर ने उर्मिला सनावर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पिछले साल मार्च में पूर्व विधायक की बेटी ने भी ब्लैकमेलिंग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
UK Top News: सदन में अनुपूरक बजट समेत 10 विधेयक पास, सीएम का कांग्रेस पर वार, एमबीबीएस मामले में गिरफ्तारी
वीडियो और ऑडियो सामने आने के बाद कथित वीआईपी की पहचान और गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेशभर में धरने-प्रदर्शन हुए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। सीबीआई इस प्रकरण की जांच कर रही है।
इधर, शनिवार रात रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद रविवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसी मामले से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए सीबीआई की टीम बुधवार को रानीपुर कोतवाली पहुंची। टीम ने प्राथमिकी समेत अन्य दस्तावेज का अवलोकन किया और संबंधित जानकारी हासिल की। करीब एक घंटे तक कोतवाली में मौजूद रहने के बाद टीम वापस लौट गई।