Corona in Uttarakhand: रिकवरी दर में सुधार, 82 प्रतिशत पर पहुंचा ग्राफ, सक्रिय मामलों में भी आई कमी
- 12 दिन में 14 प्रतिशत बढ़ी प्रदेश की रिकवरी दर
- 4300 से ज्यादा सक्रिय मामले हुए कम
विस्तार
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की रिकवरी दर में लगातार सुधार हो रहा है। बीते 12 दिन में 14 प्रतिशत रिकवरी दर बढ़ी है। वर्तमान में संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक होने से रिकवरी दर 82 प्रतिशत पहुंच गई है। इस दौरान सक्रिय मरीजों में 4300 की कमी आई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 20 सितंबर को प्रदेश की रिकवरी दर 68 प्रतिशत और सक्रिय मामले 12455 थे। पिछले 12 दिनों में रिकवरी दर में 14 प्रतिशत का उछाल आया है। वर्तमान में रिकवरी 82 प्रतिशत हो गई है।
यह भी पढ़ें: Unlock-5: उत्तराखंड सरकार ने जारी की गाइडलाइन, 15 अक्तूबर से यहां मिलेगी छूट, पढ़ें जरूरी दिशा-निर्देश...
वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या 8076 है। इसमें लगभग 2700 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। सक्रिय मरीज घटने से सरकारी अस्पतालों में कोरोना इलाज का दबाव कम हुआ है। अनलॉक-5 में अभी तक प्रतिदिन मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या अनलॉक-4 की तुलना में काफी कम है।
सैंपल जांच में आई कमी
प्रदेश में पिछले दो दिन से सैंपल जांच में कमी आई है। पहले प्रतिदिन 10 हजार से अधिक सैंपलों की जांच की जा रही थी। वहीं अब प्रतिदिन औसतन आठ हजार सैंपलों की जांच की जा रही है। सैंपल जांच कम होने के कारण प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में भी कमी आई है।
कोरोना है तो छुपाएं नहीं बताएं
अगर आपको कोविड-19 है तो इसे बिल्कुल भी न छुपाएं बल्कि बताएं, जिससे समय पर इसका इलाज हो सके और आपका अनमोल जीवन बचाया जा सके। इसके लिए प्रशासन जागरुकता अभियान शुरू करेगा।
मौजूदा समय के मामलों में सामने आया है कि लोग कोविड-19 होने की बात छिपा रहे हैं। इसके चलते उनका निमोनिया बिगड़ रहा है। ऐसे में जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है तो उनके बचने की संभावना कम हो रही है। जिसे देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने मुहिम शुरू करने का निर्णय लिया है।
कोविड 19 से डरने की बजाय पूरे आत्मविश्वास के साथ हमें इसका मुकाबला करना चाहिए। दो गज की दूरी रखना, हाथ धोते रहना और मास्क लगाना कोरोना से बचने के लिए सबसे बड़े अस्त्र हैं। दूनवासियों से अपील है कि अपने और अपनों के लिए इन अस्त्रों का उपयोग जरूर करें। अगर आप संक्रमित हो भी गए हों, तो डरने की जरूरत नहीं है, लक्षण दिखें तो इन्हें छुपाएं नहीं, तुरंत बताएं।
-डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी