Coronavirus: गाजियाबाद से जनशताब्दी से ऋषिकेश आ रहा युवक मिला कोरोना पॉजिटिव, अन्य यात्रियों में मचा हड़कंप
- गाजियाबाद से आ रहा था ऋषिकेश, रुड़की-लक्सर के बीच आया फोन
- बोगी में अस्थि विसर्जन के लिए आए अन्य 22 यात्रियों को स्टेशन पर रोका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद से जनशताब्दी एक्सप्रेस से ऋषिकेश के लिए आ रहे एक युवक में कोरोना की पुष्टि होने पर हड़कंप मच गया। उसे लक्सर के आसपास फोन पर संक्रमित होने की जानकारी मिली। इससे कोच में बैठे अन्य यात्री भी खौफ में आ गए। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उतरते ही उसे कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया। इसके अलावा कोच में अन्य 22 यात्रियों को भी स्टेशन पर रोक दिया था। मामला रविवार देर रात का है।
जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश का युवक नोएडा में नौकरी करता है। कोरोना के प्राथमिक लक्षण सामने आने पर चार दिन पहले उसने वहां सैंपल दिया था। युवक रिपोर्ट आए बगैर ही गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस से ऋषिकेश आने के लिए बैठ गया।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड में सोमवार को सामने आए 57 कोरोना संक्रमित, 2400 पार पहुंचा मरीजों का आंकड़ा
ट्रेन जब रुड़की-लक्सर के बीच पहुंची, उस समय युवक को नोएडा के स्वास्थ्य विभाग ने फोन कर कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी दी। युवक ने मामले को गंभीरता से लिया और अपने पॉजिटिव आने की जानकारी जीआरपी हरिद्वार को दी।
थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देते हुए एंबुलेंस के साथ टीम को स्टेशन पर बुलवा लिया। स्वास्थ्य विभाग और जीआरपी के साथ रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने सावधानी बरतते हुए संक्रमित युवक को कोच से उतरवाया और कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि युवक के साथ बोगी में 22 और लोग सवार थे। यह सभी लोग हरिद्वार में अपने परिजनों की अस्थि विसर्जन के लिए आ रहे थे।
कोरोना की जांच कराने आए युवक का हंगामा
रुड़की में कोरोना की जांच कराने आए युवक ने सिविल अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह युवक को शांत कराया। इसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू हो पाई।
सिविल अस्पताल में प्रथम तल पर कोरोना की जांच के लिए ओपीडी बनाई गई है। इसमें कोरोना की जांच के लिए बाहर से आने वाले लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। सोमवार को भी बाहर से आए कई लोग जांच के लिए पहुंचे थे। ओपीडी के बाहर लंबी लाइन लगी थी।
कुछ लोग 14 दिन की क्वारंटीन अवधि पूरी कर फिटनेस सर्टिफिकेट लेने आए थे। डॉक्टर एक-एक कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे थे। कई लोगों स्वास्थ्य में कुछ गड़बड़ी होने पर सैंपल देने और क्वारंटीन होने के लिए बोला जा रहा था। इस बीच लाइन में लगे एक युवक ने क्रम से लोगों को नहीं बुलाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।
उसका कहना था कि जो लोग सुबह खड़े हैं, उन्हें बुलाया नहीं जा रहा है, जबकि बाद में आकर लोग पहले जांच करा रहे हैं। पुलिसकर्मी और अस्पताल कर्मचारियों ने किसी तरह उसे शांत कराया। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि सीनियर सीटिजन को कोई परेशानी न हो, इसलिए उनकी जांच पहले की जा रही है।
मेट्रो हॉस्पिटल के हैं 14 करोड़ रुपये बकाया, ओपीडी की बंद
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के तहत इलाज के बदले धनराशि न मिलने पर मेट्रो हॉस्पिटल ने ओपीडी बंद कर दी है। अब केवल भर्ती करने के बाद ही मरीजों का इलाज जारी रखा है।
मेट्रो हॉस्पिटल के सीईओ संदीप वैष्णव ने बताया कि ईएसआईसी का 14 करोड़ रुपये का बकाया है। इसमें से आठ करोड़ बिना भर्ती कर इलाज और जांच करने का बकाया है, जबकि अन्य छह करोड़ भर्ती कर इलाज करने का बकाया है। यह धनराशि सन 2016 से बकाया है। बकाया न मिलने से अस्पताल की व्यवस्था सुचारु रखना मुश्किल हो रहा है। सीईओ ने बताया कि बकाया का भुगतान न होने से ईएसआई के मरीजों के लिए 15 जून से ओपीडी बंद कर दी गई है।
वहीं दूसरी ओर भूमा अस्पताल के प्रवक्ता राजेंद्र शर्मा के अनुसार उनके अस्पताल के भी करीब पांच करोड़ रुपये ईएसआई के पास बकाया हैं। कई बार पत्राचार करने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में अस्पताल में इस सुविधा के तहत इलाज करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। केवल ऐसे मरीजों का ही इलाज किया जाता है, जो ऑनलाइन पंजीकरण कराकर आते हैं। सीधे अस्पताल में आने वालों का इलाज नहीं किया जा रहा है।