Coronavirus in Uttarakhand: आज सामने आए पांच कोरोना पॉजिटिव, कुल संक्रमितों का आकड़ा हुआ 97
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में आज कोरोना संक्रमण के पांच मामले सामने आए हैं। इसमें दो मामले देहरादून, एक उत्तरकाशी, एक नैनीताल और एक मामला चमोली जिले में सामने आया है। चमोली जिले में कोरोना संक्रमण का यह पहला मामला है। इसके बाद अब राज्य में संक्रमित मरीजों का आकाड़ा 97 हो गया है। वहीं, 52 लोग ठीक हो चुके हैं।
पढ़ें : Lockdown In Uttarakhand 4.0: अभी करना होगा इंतजार, शुरू नहीं होंगी पर्यटन और तीर्थाटन गतिविधियां
जानकारी के मुताबिक देहरादून में मुंबई से यजमान के घर से लौटने के बाद ज्योतिष की पत्नी में कोरोना की पुष्टि हुई है। पॉजिटिव पाए जाने पर पत्नी को जहां राजकीय दून मेडिकल अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं ज्योतिष को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। जबकि परिवार के चार अन्य सदस्यों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। कोरोना जांच के लिए सभी के सैंपल भेज दिए गए हैं।
वहीं, देहरादून में ही 35 वर्षीय युवक भी संक्रमित पाया गया है। यह युवक मुंबई से देहरादून आया था। नैनीताल में मिला कोरोना संक्रमित 20 वर्षीय युवक हाल ही में दिल्ली से लौटाा था। जबकि उत्तरकाशी में मिला 23 वर्षीय युवक गुरुग्राम हरियाणा से उत्तराखंड आया था। युवक दिलसौड़ के क्वारंटीन सेंटर में भर्ती था। 15 मई को उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था।
जानकारी के अनुसार एक युवक बीती 15 मई को अपनी पत्नी व बच्चों के साथ दिल्ली से चमोली वापस लौटा था। इसके बाद गांव के ही राजकीय विद्यालय में उसे क्वारंटीन किया गया था। बीमारी के प्राथमिक लक्षण दिखने पर स्वास्थ्य विभाग ने 17 मई को उसका सैंपल जांच के लिए लैब भेजा था, जिसकी रिपोर्ट आज देर रात को पॉजिटिव आई है।
अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने आज सामने आए चार मामले की पुष्टि की है। इससे पहले रविवार को भी ऋषिकेश में एक संक्रमित मामला सामने आया था। वह भी महाराष्ट्र से लौटा था। वहीं लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ा दी है।
जिलेवार कोरोना संक्रमण की स्थिति
देहरादून 47 28
हरिद्वार 07 07
नैनीताल 15 10
ऊधमसिंह नगर 18 05
उत्तरकाशी 02 -
अल्मोड़ा 02 01
पौड़ी 02 01
चमोली 01 -
हरिद्ववार में सभी सात मरीज हुए ठीक
उत्तराखंड में रेड जोन में शामिल हरिद्वार जिले में कोरोना संक्रमित सभी मरीज ठीक हो गए हैं। मेला अस्पताल से सातवें मरीज को भी ठीक होने के बाद घर भेज दिया गया है। वर्तमान में अब जिले में कोई भी एक्टिव केस नहीं है।
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए आठ क्वारंटीन सेंटर भेजे
गुरुग्राम (हरियाणा) से कोटद्वार लौटे बीरोंखाल ब्लॉक के कोरोना पॉजिटिव युवक की ट्रेवल हिस्ट्री तलाशने के बाद उसके संपर्क में अन्य लोगों को भी ट्रेस कर लिया गया है। रविवार को ऐसे कुल आठ लोग चिन्हित किए गए। इन सभी को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है।
इनमें जयहरीखाल ब्लॉक के दो, एकेश्वर ब्लॉक के दो और रिखणीखाल ब्लॉक के चार लोग शामिल हैं। इससे पहले शनिवार को पांच लोग चिन्हित किए गए थे। इस तरह स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन में 13 लोगों को चिह्नित कर फैसिलेटेड क्वारंटीन सेंटर भेजा है।
बता दें कि बीती 13 मई को हरिद्वार से कोटद्वार पहुंची ऋषिकेश डिपो की बस में ड्राइवर कंडक्टर के साथ ही कोरोना पॉजिटिव युवक के अलावा विभिन्न ब्लॉकों के 29 लोग सवार थे।
युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन उन सभी की तलाश में जुट गया था। एसडीएम लैंसडौन अपर्णा ढौंडियाल ने कोरोना पॉजिटिव युवक के सीधे संपर्क में आए आठ लोगों को क्वारंटीन सेंटर भेजे जाने की पुष्टि की।
प्रदेश में आधी रह गई संक्रमण दोगुना होने की दर
प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से संक्रमण के दोगुना होने की दर आधी रह गई है। वहीं, संक्रमित मरीजों के ठीक होने की दर में 10 प्रतिशत की कमी आई है। लगातार संक्रमण के मामले आने से उत्तराखंड का रोकथाम में अब तक का बेहतर प्रदर्शन खराब हो रहा है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 15 मार्च को आया था। तब से लेकर अब तक प्रदेश में 92 संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमण की रोकथाम में अन्य राज्यों और राष्ट्रीय औसत की तुलना में उत्तराखंड का बेहतर प्रदर्शन था। लेकिन पिछले एक सप्ताह में प्रवासियों के लौटने से 24 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
प्रदेश में 10 मई को संक्रमित मामले दोगुने होने की दर 39 दिन थी। जो 17 मई को 16 दिन पर पहुंच गई। इसी तरह संक्रमित मरीजों के ठीक होने की दर 67.65 प्रतिशत से घट कर 56.52 प्रतिशत पर आ गई है। जांच के लिए भेजे गए सैंपलों के आधार पर संक्रमण की दर भी बढ़ गई है। 10 मार्च को संक्रमण की दर 0.75 प्रतिशत थी। जो अब 0.81 प्रतिशत पहुंची गई है।
अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में संक्रमित मामले बढ़ने से रिकवरी और दोगुना होने की दर में कमी आई है। इसके बावजूद भी राष्ट्रीय औसत की तुलना में उत्तराखंड की स्थिति बेहतर है।
देहरादून में लॉकडाउन 4.0 के दौरान पुराने प्रावधान जारी रहेंगे
राजधानी देहरादून में लॉकडाउन 4.0 के दौरान पुराने प्रावधान जारी रहेंगे। सोमवार से जिले में लॉकडाउन 4.0 लागू हो गया है। हालांकि इसे लेकर जिले की व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। पूर्व में लागू व्यवस्था ही लागू रहेगी।
पहले ही की तरह कैंटोनमेंट क्षेत्रों को छोड़कर बिना एसी वाले कॉम्प्लेक्स की दुकानें सप्ताह में तीन दिन ही खुलेंगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। इसी तरह ऑटो मोबाइल स्टोर, कार एसेसरीज स्टोर भी छह दिन ही खुलेंगे। डीएम आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लॉकडाउन 4.0 को लेकर अभी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वहीं आज से भीड़ नियंत्रित करने के लिए निरंजनपुर मंडी में ऑड-ईवन व्यवस्था भी लागू कर दी गई है।