Coronavirus Uttarakhand: रुड़की में स्थानीय लोगों के विरोध के बाद शहर से दूर शिफ्ट करना पड़ा स्क्रीनिंग टीम का रिपोर्टिंग सेंटर
- अब हो रही परेशानी, शहर से दूर होने के कारण भी कोरोना पीड़ित की जांच को पहुंचने में लगा था समय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक ओर स्वास्थ्य विभाग की टीम दिनरात एक कर लोगों को संक्रमण से बचा रही है तो वहीं कुछ स्थानीय लोगों के विरोध के कारण रुड़की में स्थापित कोरोना स्क्रीनिंग टीम के रिपोर्टिंग सेंटर को शहर से 12 किमी दूर शिफ्ट करना पड़ा। सेंटर दूर होने के कारण जिले के पहले कोरोना पीड़ित की जांच के लिए टीम के पहुंचने में न सिर्फ देरी हुई थी बल्कि हर रोज परेशानी उठानी पड़ रही है।
ऐसे में डॉक्टरों के अपने आसपास रहने से जिन को परेशानी है, उनको यह सोचना चाहिए कि हम कोरोना वॉरियर्स के प्रति ऐसा रवैया अपनाएंगे तो उन्हें कैसा लगेगा? कोविड-19 स्क्रीनिंग टीम में शामिल छह डॉक्टर और छह पैरामेडिकल स्टाफ की टीम रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर लोगों की जांच कर रही है। करीब एक महीने पूर्व रुड़की के रामनगर में टीम के लिए सेंटर बनाया था।
टीम सुबह-शाम यहां आकर रिपोर्ट कर रही थी। इसी बीच कॉलोनी के कुछ लोगों ने उनसे संक्रमण फैलने की आशंका जताते हुए सेंटर को हटाने की मांग शुरू कर दी। बताया जाता है कि कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी आला अधिकारियों पर सेंटर शिफ्ट करने का दबाव बनाया। लिहाजा करीब दस दिन पहले सेंटर को रुड़की से करीब 12 किमी दूर इमलीखेड़ा में स्थानांतरित कर दिया गया। अब टीम को सुबह-शाम सेंटर में रिपोर्टिंग के साथ शहर और गांवों में भी दौड़ लगानी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि इसी दौड़भाग के चलते 31 मार्च की सुबह 8.30 बजे सूचना मिलने के करीब ढाई घंटे बाद टीम पनियाला गांव में जमाती की जांच के लिए पहुंची।
टीम पर है सात पीएचसी क्षेत्र का जिम्मा
कोविड-19 स्क्रीनिंग टीम पर सात पीएचसी क्षेत्र का जिम्मा है। ऐसे में रुड़की सभी सेंटरों के बीच में पड़ता है। यहां सेंटर हो तो काम में आसानी हो सकती है। फिलहाल टीम पर कलियर, बेलड़ा, पनियाला, सलेमपुर, मरगूबपुर, नन्हेड़ा और इमलीखेड़ा पीएचसी के अलावा रुड़की क्षेत्र का जिम्मा है।
पहले सेंटर रुड़की में ही बनाया गया था, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के बाद इमलीखेड़ा में सेंटर बनाना पड़ा। समस्या से आला अधिकारियों को अवगत कराया गया है। टीम सूचना के बाद ढाई घंटे की देरी से पहुंची है, इसकी जानकारी नहीं है। हो सकता है कि टीम बीच में लोगों की स्क्रीनिंग करती हुई वहां पहुंची हो, इसलिए देर हो गई हो।
- दिली रमन, चिकित्सा प्रभारी, रुड़की ब्लॉक